आम लोगों को मुंबई लोकल ट्रेन के लिए अभी करना होगा 3-4 हफ्ते का इंतजार
नई दिल्ली। आम लोगों के लिए मुंबई लोकल ट्रेन के संचालन को लेकर अभी लोगों को तकरीबन तीन से चार हफ्ते तक इंतजार करना पड़ सकता है। म्युनिसिपल कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने कहा का आम लोगों के लिए मुंबई लोकल के संचालन में अभी वक्त है और लोगों को तीन से चार हफ्ते का इंतजार करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच मुंबई में कोरोना की दूसरी लहर के डर की वजह से मुंबई लोकल को आम लोगों के लिए अभी नहीं शुरू किया जा रहा है और संभव है कि अभी लोगों को तीन से चार हफ्ते का और इंतजार करना पड़ सकता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इकबाल सिंह चहल ने बताया कि मुंबई के लिए अगले तीन-चार हफ्ते काफी अहम हैं। तीन-चार हफ्तों के बाद एक बार फिर से स्थिति की समीक्षा की जाएगी और इसके बाद ही फैसला लिया जाएगा। हालांकि शहर में किसी भी नई तरह की पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। चहल ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है। बता दें कि शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक स्टाफ को मुंबई लोकल ट्रेन में सफर की अनुमति दी गई है। लेकिन इस दौरान यात्रियों को अपना पहचान पत्र रखना होगा जबकि छात्रों को अपना हॉल टिकट दिखाना अनिवार्य होगा। यह अनुमति सिर्फ 10 दिसंबर 2020 तक के लिए ही मान्य है।
इकबाल सिंह चहल ने बताया कि स्वीमिंग पूल, स्कूल, लोकल ट्रेन को आम लोगों के लिए फिर से खोलने की योजना थी, लेकिन मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से इसे फिलहाल रोक दिया गया है, अगली नोटिस तक ये बंद रहेंगे। बता दें कि मुंबई में स्कूलों को 31 दिसंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। लेकिन महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में आज से स्कूलों को खोलने की सरकार ने निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली, महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से विमान सेवा को मुंबई और दिल्ली के बीच रोका जा सकता है, लेकिन उड्डयन मंत्रालय ने साफ किया है कि फिलहाल इस तरह की कोई योजना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications