जवाहर नेहरु की मौत वजह बता रहे हैं मुलायम सिंह
नई दिल्ली (ब्यूरो)। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु की मौत कैसे हुई थी ? अगर आपको नहीं मालूम तो जान लें। मैनपुरी में गत दिनों एक सभा को संबोधित करते हुए सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने खुलासा किया कि नेहरू की मौत स्वाभाविक नहीं थी बल्कि चीन की घुसपैठ और दबंगई के सदमे से उनकी जान गई थी।

अपने राजनैतिक गुरु स्व. नत्थू सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुलायम सिंह ने कहा कि चीन की घुसपैठ लगातार बढ़ती जा रही है। सीमा पर चीन कब्जा कर रहा है और प्रधानमंत्री और भाजपा दोनों ही खामोश हैं।
चीन है गद्दार देश
उन्होंने कहा कि चीन गद्दार देश है। चीन ने हमेशा हिन्दुस्तान को धोखा दिया। नेहरू जी बीमार नहीं थे उनकी मौत भी चीन की दबंगई और लगातार हो रही घुसपैठ के सदमे से हुयी थी। उन्होंने सीमा पर बढ़ते तनाव के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार बताया और कहा कि मोदी सरकार चतुरता दिखाकर बढ़ती महंगाई को छिपा रही है। देश में महंगाई में कोई कमी नहीं आई है। खाने-पीने की सब वस्तुएं महंगी हैं। पेट्रोल, डीजल की कीमतें कम हो गयीं लेकिन किसानों को इसका कोई लाभ अब तक नहीं मिला है।
मुलायम ने जोड़ा कि अखिलेश सरकार देश में सबसे बेहतर काम कर रही है। यूपी में पढ़ाई, दवाई और सिंचाई मुफ्त है। महिलाओं की सुरक्षा पर काम हुआ है। वहीं बालिका शिक्षा के लिए राज्य सरकार बेहतर प्रयास कर रही है। मुलायम ने कहा कि जो लोग त्याग और समर्पण के साथ जनता के लिए संघर्ष करते वे ही राजनीति में आगे जाते हैं।
सपा ने किसानों, गरीबों की लड़ाई सर्वाधिक लड़ी है। संसद में सपा ने ही हमेशा किसानों के लिए संघर्ष किया। मुलायम ने कहा कि यूपी में 30 साल बाद सपा को बहुमत की सरकार बनाने का मौका मिला। चुनाव में जनता से किए गए सारे वादे अखिलेश सरकार ने पूरे किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications