MP Travel Mart 2026: 34 देशों के 100 से ज्यादा प्रतिनिधि जुटेंगे भोपाल, 1100 करोड़ से अधिक निवेश प्रस्तावों पर होगा फैसला

भोपाल में 7-10 अक्टूबर तक आयोजित सातवां मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट (एमपीटीएम) 2026, बढ़ते आगंतुक संख्याओं को वैश्विक निवेश में बदलने का लक्ष्य रखता है। 34 देशों, 180 से अधिक घरेलू ऑपरेटरों और ₹ 848.40 करोड़ के मेगा सौदों के साथ, यह आयोजन एमपी में स्मार्ट पर्यटन, वैकल्पिक बुनियादी ढांचे और स्थायी आजीविका पर केंद्रित है।

भोपाल: मध्यप्रदेश की पर्यटन क्षमता को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2026 का सातवां संस्करण 7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अक्टूबर को इस आयोजन का शुभारंभ करेंगे।

MPTM 2026 to boost MP tourism

चार दिवसीय आयोजन में 34 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और 15 से अधिक राज्यों के 180 से ज्यादा घरेलू टूर ऑपरेटर्स शामिल होंगे। आयोजन के दौरान प्रदेश में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के संयुक्त निवेश प्रस्तावों और अनुबंधों को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है।

मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पर्यटन विभाग के अनुसार, वर्ष 2025 में प्रदेश में पर्यटकों के आगमन में 57 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई और कुल पर्यटकों की संख्या 21.05 करोड़ तक पहुंच गई। MPTM 2026 का उद्देश्य इस बढ़ती पर्यटन गतिविधि को वैश्विक निवेश, आधुनिक पर्यटन अधोसंरचना और स्थानीय स्तर पर सतत आजीविका के अवसरों में बदलना है।

34 देशों के प्रतिनिधि और 180 से अधिक घरेलू टूर ऑपरेटर्स होंगे शामिल

ट्रैवल मार्ट में यूरोप, अमेरिका, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया और अफ्रीका सहित विभिन्न क्षेत्रों के पर्यटन प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, कनाडा, यूएई, मॉरीशस और केन्या सहित कई देशों के टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल लेखक शामिल हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गोवा, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर समेत 15 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से ज्यादा घरेलू टूर ऑपरेटर्स भाग लेंगे।

10 हजार से ज्यादा B2B बैठकें होंगी

MPTM 2026 की सबसे बड़ी व्यावसायिक विशेषताओं में 10 हजार से अधिक पूर्व-निर्धारित B2B बैठकें शामिल हैं। ऑनलाइन शेड्यूलिंग सिस्टम के जरिए विदेशी और घरेलू खरीदारों, टूर ऑपरेटर्स, होटल समूहों, एयरलाइंस और ट्रैवल एजेंसियों की राज्य के 355 स्थानीय पर्यटन हितधारकों से सीधी बातचीत कराई जाएगी। इन बैठकों में होटल, रिसॉर्ट, हेरिटेज प्रॉपर्टी, होमस्टे और एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े स्थानीय कारोबारी शामिल होंगे।

सीहोर में 848.40 करोड़ रुपये का मेगा निवेश समझौता

MPTM 2026 में निवेश के लिहाज से सीहोर जिले के रामगढ़ में 848.40 करोड़ रुपये का मेगा पर्यटन निवेश समझौता प्रमुख आकर्षण रहेगा। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और मेसर्स ए.आर.एम. फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच होने वाले समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी होटल और अन्य आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना से करीब 920 प्रत्यक्ष और सैकड़ों अप्रत्यक्ष स्थानीय रोजगार पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।

14 पर्यटन परियोजनाओं के लिए 252 करोड़ के LOA

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी टेंटेड कैंपिंग और ईको-टूरिज्म इकाइयों के विकास के लिए 14 प्रमुख परियोजनाओं के तहत निजी निवेशकों को 252 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) दिए जाएंगे। इसके अलावा तीन प्रमुख पर्यटन राजमार्गों पर पर्यटकों के लिए आधुनिक 'वे-साइड एमेनिटीज' विकसित करने के लिए भी LOA प्रदान किए जाएंगे।

12 रणनीतिक MoU से पर्यटन क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा

MPTM 2026 के दौरान पर्यटन क्षेत्र से जुड़े 12 रणनीतिक MoU, MoA और समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इनमें पर्यटन कौशल विकास, ग्रामीण होमस्टे के डिजिटलीकरण, बाइक राइडिंग रूट्स, एडवेंचर टूरिज्म और मोटरस्पोर्ट्स पर्यटन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। भोपाल के 100 पर्यटक वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, शिष्टाचार और ग्राहक सेवा से जुड़े RPL प्रशिक्षण के जरिए प्रमाणित करने की योजना भी है।

AI और डिजिटल तकनीक से स्मार्ट टूरिज्म को बढ़ावा

प्रदेश में स्मार्ट टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 1,000 AI-सक्षम QR कोड बोर्ड लगाए जाने की योजना है। इनके जरिए पर्यटकों को पर्यटन स्थलों से जुड़ी डिजिटल जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। फिल्म और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में भी सहयोग की योजनाएं हैं। फिल्म पर्यटन, AVGC क्षेत्र में कौशल विकास और 'म्यूजियम ऑफ स्टोरीटेलिंग' जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जाएगा।

ओरछा के UNESCO नामांकन के लिए भी पहल

धरोहर संरक्षण के क्षेत्र में ओरछा के ऐतिहासिक समूह के UNESCO नामांकन के लिए एकीकृत प्रबंधन और लैंडस्केप संरक्षण योजना तैयार करने की दिशा में समझौते किए जा रहे हैं। इसके साथ ही टेकनपुर स्थित BSF अकादमी में पर्यटन अधोसंरचना और BSF म्यूजियम के आधुनिकीकरण के लिए भी त्रिपक्षीय समझौता प्रस्तावित है।

विदेशी पर्यटकों के लिए बहुभाषी वेबसाइट और डिजिटल हैंडबुक

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का बहुभाषी संस्करण भी लॉन्च किया जाएगा। हिंदी और अंग्रेजी के अलावा जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच और जापानी भाषाओं में भी पर्यटन संबंधी जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा डिजिटल 'MP Travel Handbook' लॉन्च किया जाएगा, जिसमें 360-डिग्री दृश्य, इंटरैक्टिव मैप्स, AI आधारित स्टोरीटेलिंग, वर्चुअल रियलिटी लिंक और द्विभाषी ऑडियो नरेशन जैसी सुविधाएं होंगी।

16 FAM Trips में 200 से ज्यादा विशेषज्ञ होंगे शामिल

ट्रैवल मार्ट के बाद विदेशी और राष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए 16 विशेष Familiarization Tours (FAM Trips) आयोजित किए जाएंगे। इनमें 200 से अधिक पर्यटन विशेषज्ञ शामिल होंगे। इन यात्राओं के दौरान खजुराहो, ओरछा, मांडू, महेश्वर, ग्वालियर, सांची, भीमबेटका, कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा, कूनो, उज्जैन, ओंकारेश्वर, चित्रकूट, अमरकंटक, पचमढ़ी, चंदेरी, तवा और गांधी सागर जैसे पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

वन्यजीव और एडवेंचर टूरिज्म पर विशेष फोकस

राज्य सरकार वर्ष 2030 तक मध्यप्रदेश को देश का प्रमुख साहसिक पर्यटन स्थल बनाने की योजना पर काम कर रही है। साथ ही मध्यप्रदेश को 'भारत की वन्यजीव राजधानी' के रूप में ब्रांडिंग करने और संरक्षण आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। PPP मॉडल, ग्रामीण होमस्टे, डिजिटल तकनीक और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन के जरिए स्थानीय समुदायों को पर्यटन अर्थव्यवस्था से जोड़ने की योजना है।

आयोजन की तारीखें और प्रमुख कार्यक्रम

7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ वन-ऑन-वन बैठकें करेंगे। 8 अक्टूबर को मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार B2B मार्ट और प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसी दिन 'भारत की वन्यजीव राजधानी के रूप में मध्यप्रदेश' विषय पर पैनल चर्चा और एडवेंचर टूरिज्म तथा MICE उद्योग पर रणनीतिक राउंडटेबल आयोजित होंगे। 9 अक्टूबर को पुरस्कार समारोह होगा। वहीं 10 अक्टूबर को प्रदर्शनी विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खोली जाएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+