शिअद सांसद की भगत सिंह के शहीदी दिवस पर संसद में छुट्टी की मांग
नई दिल्ली। स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के शहीदी दिवस (23 मार्च) पर शिरोमणि अकाली दल के सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने शहीदी दिवस पर संसद में छुट्टी की मांग की है। इसको लेकर चंदूमाजरा ने लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को खत लिखा है। उन्होंने दर्शक दीर्घा की उन दो सीटों को भी आरक्षित करने की मांग की है, जहां से 8 अप्रैल 1929 को भगत सिंह और बटुकेश्वर ने असेंबली में बम फेंका था। 23 मार्च, 1931को भगत सिंह , सुखदेव और राजगुरू को लाहौर की सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी। 23 मार्च को शहीदी दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा है कि भगत सिंह और बटुकेश्वर ने ब्रिटिश सरकार के दमनकारी शासन के विरोधस्वरूप असेंबली में बम फेंका था, जो कि अद्भुत साहस का काम था। चंदूमाजरा ने कहा कि भगत सिंह,राजगुरु और सुखेदव ने देश के लिए फांसी का फंदा चूमा था। ऐसे में उनके शहीदी दिवस पर अवकाश उनकी शहादत का सम्मान होगा। उन्होंने चिट्ठी में ये भी लिखा है कि वह संसद संदस्यों कों शहीद-ए-आजम भगत सिंह के लाहौर स्थित पैतृक गांव खटकल कलां जाकर उस मिट्टी को देखें।
गुरुवार को पंजाब के सांसदों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भी लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मुलाकात करके संसद में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव को उनके शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि देने की मांग की है। पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात करने गए प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेसी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, धर्मवीर गांधी और आप सांसद भगवंत मान समेत और भी एमपी शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications