Mother's Day पर मां को दें हेल्थ का तोहफा, जानिये महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी बातों के बारे में
Mother's day gift: मदर्स डे हर मां के लिए बेहद खास होता है। ऐसे में अपनी मां के लिए इस दिन को और भी खास बनाने के लिए आप कुछ अलग और जरूरी काम भी कर सकते हैं।

Mothers day gift ideas: मां की अहमियत क्या होती है, ये बात सभी लोग बहुत अच्छे से जानते हैं। ऐसे में अपनी भावनाओं को मां तक पहुंचाने के लिए एक खास दिन बनाया गया है, जिसे मदर्स डे के नाम से जाना जाता है। मई के दूसरे रविवार को हर साल ये दिन सेलिब्रेट किया जाता है।
मां को दें ये खूबसूरत तोहफा
मदर्स डे से पहले लोगों के दिमाग में अपनी मां को गिफ्ट्स देने के तरह-तरह के आइडियाज आते हैं। कई बार लोग कपड़े देने का विचार करते हैं तो कई दफा बाहर कहीं घुमाने के। लेकिन आज हम आपको मदर्स डे पर ऐसे शानदार गिफ्ट्स के बारे में बताएंगे, जो बहुत ही ज्यादा कीमती और जरूरी हैं।
मां की अच्छी सेहत चाहते हैं तो...
हर कोई चाहता है कि उनके मां-बाप की सेहत हमेशा अच्छी बने रहे। ऐसे में कई जिम्मेदारियां बच्चों की भी बनती हैं कि वे अपने पेरेंट्स के लिए कुछ करें। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने वाले हैं, जो आप गिफ्ट के तौर पर अपनी मां को दे सकते हैं। 30 के बाद उम्र ढलने के साथ शरीर में कई तरह के बदलाव आने लगते हैं। ऐसे में आज हम कुछ जरूरी टेस्ट के बारे में बात करेंगे, जो आपको अपनी मां के लिए जरूर करवाने चाहिए।
पैप स्मीयर और पैल्विक टेस्ट
सर्विकल कैंसर के जोखिम को समझने के लिए महिलाओं के गर्भाशय की कोशिकाओं की जांच करने के लिए ये पैप स्मीयर टेस्ट किया जाता है। कैंसर का पता चलने पर जल्द से जल्द इसका इलाज करवा पाना भी संभव होता है। वहीं पैल्विक टेस्ट आपकी योनि, अंडाशय, फोलोपियन ट्यूब, गर्भाशय और पूरे प्रजनन तंत्र के स्वास्थ्य की जांच करने में मदद करती है। 21 साल और उससे ज्यादा की उम्र की महिलाओं को हर तीन साल में कम से कम इन दो टेस्ट्स को तो करवाना ही चाहिए।
मेमेग्राम
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनियाभर में स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे आम है। इसलिए स्तन कैंसर की शुरुआत का पता लगाने के लिए 40 साल और उससे ज्यादा उम्र की हर महिला को मैमोग्राम कराने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा भी हर महिला को अपने स्तनों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए।
थायरॉइड टेस्ट
महिलाओं में ओवरएक्टिव या अंडरएक्टिव थायरॉइड ग्रंथि से पीड़ित होने की अधिक संभावना होती है। थायरॉइड होने से हार्मोनल असंतुलन हो सकता है। अगर आपकी मां को असामान्य रूप से दिल की धड़कनें बढ़ा, चिंता, वजन बढ़ना, नींद ना आना और थकान जैसे लक्षण हैं, तो ये टेस्ट करवाना बेहद जरूरी है।
ब्लड प्रेशर टेस्ट
अगर आपकी मां पहले ही शुगर, गुर्दे की बीमारी या फिर दिल संबंधित बीमारियों से पीड़ित हैं तो डॉक्टर बार बार ब्लड प्रेशर जांचने की सलाह देते हैं। लेकिन हर महिला को साल में कम से कम दो बार इसका टेस्ट जरूर करवाना चाहिए।
लिपिड पैनल टेस्ट
कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को जांचने के लिये ये टेस्ट बेहद जरूरी है। हाई कोलेस्ट्रॉल के कोई जरूरी लक्षण नहीं होते ऐसे में इस परेशानी का पता लगाने का एकमात्र तरीका टेस्ट ही है। 20 साल से ऊपर की आयु वाले सभी लोगों के लिए ये बेहद जरूरी है। कम से कम पांच साल में एक बार तो ये टेस्ट करवाना ही चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications