अपने बच्चों संग स्कूल जाने वाली मम्मी ने की दसवीं पास
यहां रेखा के बच्चों को अपनी मां पर गर्व है कि उनकी मेहनत और लगन के जरिए रेखा ने दसवीं की परीक्षा पास की।
पुणे। महज 14 साल की उम्र में शादी के बंधन में बंधनेवाली रेखा शिरसाट ने शादी के 17 साल बाद दसवीं की परीक्षा पास की है। पुणे की रहनेवाली रेखा शिरसाट ने अपनी मेहनत और लगन से दसवीं की परीक्षा पास करने में बड़ी सफलता हासिल की है। रेखा ने दसवीं की परीक्षा में 72 प्रतिशत अंक लाकर अपने परिवार का नाम रोशन किया है।

छोटी उम्र में शादी हो जाने की वजह से रेखा का आगे पढ़ने का सपना अधूरा रह गया था। रेखा ने जब नौंवी क्लास की पढ़ाई पूरी की थी, तभी उनकी शादी कर दी गई थी। रेखा की आगे पढ़ने की इच्छा अधूरी रह गई थी। रेखा ने दसवीं में 72 प्रतिशत अंक लाकर पास होने का श्रेय अपने पति को दिया है, पति के योगदान की वजह से रेखा दसवीं की पढ़ाई कर सकी और परीक्षा दे सकी। रेखा ने अपने आगे पढ़ने की इच्छा जाहिर की थी लेकिन शादी हो जाने के बाद घर-संसार की जिम्मेदारियों के चलते रेखा आगे पढ़ नहीं सकी थी। रेखा के पति मार्केटिंग का काम करते हैं और खुद का बुटिक चलाते हैं, शिरसाट दंपति के चार बच्चे हैं जो पढ़ाई कर रहे हैं और मां की इस उपलब्धि से काफी खुश हैं।
रेखा ने बताया कि घर की जिम्मेदारी और बुटिक संभालने कि जिम्मेदारी की वजह से उन्हें पढ़ाई करने का मौका नहीं मिला लेकिन बच्चों को पढ़ते देखकर उनके अंदर की दबी इच्छा जागृत हुई। जिसके बाद पित ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए दसवीं की परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया। रेखा ने सरस्वती मंदिर नाइट स्कूल में प्रवेश लिया। एक साल के अनुभव के बाद साथ में पढ़ रहे विद्यार्थी, शिक्षक और परिवार के सदस्यों की मदद से रेखा ने दसवीं की परीक्षा अच्छे नंबरों से पास की। जहां एक मां को गर्व होता है कि उनके बच्चों ने परीक्षा में अच्छे अंक पाए तो यहां रेखा के बच्चों को अपनी मां पर गर्व है कि उनकी मेहनत और लगन के जरिए रेखा ने दसवीं की परीक्षा पास की।












Click it and Unblock the Notifications