काशी में पीएम की गंगा आरती में तैनात होंगे 3000 से अधिक सुरक्षाकर्मी
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 दिसंबर को वाराणसी के गंगा घाट पर गंगा आरती करेंगे। प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे के साथ वाराणसी का दौरा करेंगे।

12 दिसंबर को दोपहर 3 बजे पहुंचेंगे पीएम मोदी और शिंजो अबे
प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे से पहले उनकी सुरक्षा को लेकर सभी सुरक्षा एजेंसिया हाई अलर्ट पर आ गयी हैं। आईजी लॉ एंड ऑर्डर ए सतीश गनेश ने कहा कि प्रधानमंत्री 12 दिसंबर को दोपहर 3 बजे वाराणसी पहुंचेगे और उसी दिन शाम को दशाश्वमेघ घाट पर गंगा आरती के बाद वह दिल्ली रवाना हो जायेंगे।
15 पैरामिलिट्री फोर्सेज की कंपनी होंगी तैनात
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर पानी में सुरक्षा के लिए नेवी को तैनात किया गया है। पीएम की सुरक्षा के लिए 15 सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्सेज की केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय से मांग की गयी है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सीआरपीएफ, आईटीबीपी सहित नेवी के डायवर्स सहित स्नाइपर्स की 5 टीमें भी तैनात रहेंगी। गृह मंत्रालय की ओर से इन सुरक्षा कंपनियों की तैनाती की भी मंजूरी दे दी गयी है।
600 पीएसी के जवान सहित तैनात होंगे आला अधिकारी
इसके अलावा 8 एसपी रैंक के अधिकारी, 11 डीएसपी, 600 कॉस्टेबल और 6 पीएसी की कंपनियां प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात होंगी। यही नहीं लखनऊ से सुरक्षा इंतजाम पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नजर रखी जायेगी।
रात्रिभोज में शामिल होंगे गणमान्य
प्रधानमंत्री 12 दिसंबर को ही रात 9 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे। आईजी गनेश ने बताया कि अभी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का पूरा ब्योरा नहीं प्राप्त हो सका है लेकिन अभी यही सुनिश्चित किया है कि पीएम 12 दिसंबर को ही शाम को वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे और रात्रि भोजन के समय वह कई गणमान्यों से मुलाकात कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications