मॉडलिंग छोड़ IAS बनीं ऐश्वर्या श्योराण इंस्टाग्राम अकाउंट से हुईं परेशान, शिकायत लेकर पहुंचीं थाने
नई दिल्ली: हाल ही में ऐश्वर्या श्योराण का नाम खूब चर्चा में रहा। ऐश्वर्या को लोगों ने 'ब्यूटी विथ ब्रेन' की उपाधि दे डाली, क्योंकि वो मिस इंडिया फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं और उन्होंने UPSE में 93वीं रैंक भी हासिल कर ली। लोग ऐश्वर्या के बारे में जमकर इंटरनेट पर सर्च कर रहे हैं, जिस वजह से सोशल मीडिया पर उनके फेक अकाउंट की लंबी लिस्ट हो गई, लेकिन अब उनका फेक अकाउंट बना कर उनकी तस्वीरें डालने वालों को ये काम महंगा पड़ सकता है, क्योंकि इस मामले में अब FIR दर्ज की गई है।

इंस्टाग्राम पर नहीं है अकाउंट
रिपोर्ट के मुताबिक उनके यूपीएससी क्लियर करने की खबर जब से सामने आई, तब से उनके 20 फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बन गए हैं, जिस पर उनकी तस्वीरें डाली जा रही हैं। इससे परेशान होकर ऐश्वर्या मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन पहुंची और वहां पर शिकायत दर्ज करवाई। ऐश्वर्या के मुताबिक अब तक ये गंभीर मुद्दा नहीं है, लेकिन भविष्य में उन अकाउंट्स का दुरुपयोग हो सकता है। उन्होंने बताया कि आज तक उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर कोई अकाउंट ही नहीं बनाया।

27 हजार से ज्यादा फॉलोवर्स
ऐश्वर्या के मुताबिक 5 अगस्त को यूपीएससी का रिजल्ट आने के बाद उन्होंने मीडिया को कई इंटरव्यू दिए। इस दौरान एक पत्रकार ने पूछा कि उनका अधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट कौन सा है, क्योंकि उनके नाम से बहुत से अकाउंट थे। जिस पर उन्होंने बताया कि आज तक उन्होंने इंस्टाग्राम यूज ही नहीं किया। एक अकाउंट तो ऐसा था, जिसके 27 हजार से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। ऐश्वर्या के भाई अमन के मुताबिक कई इंस्टाग्राम अकाउंट में दावा किया गया कि वो उनका ऑफिशियल है, लेकिन ये बातें गलत हैं। उनके मुताबिक ऐसे में कोई भी उनकी बहन की फोटो का गलत इस्तेमाल कर सकता है।

2016 में रहीं थी फाइनलिस्ट
ऐश्वर्या श्योराण फेमिना मिस इंडिया 2016 में फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। 2015 में मिस दिल्ली का ख़िताब भी उनके नाम रहा। ऐश्वर्या 2014 में दिल्ली की क्लीन एंड क्लियर फेस फ्रेश भी रह चुकी हैं। 2016 में मुंबई में आयोजित Lakme फैशन वीक, जो देश का सबसे बड़ा फैशन शो है, जिसमें देश के जाने माने मॉडल्स के साथ एक मात्र न्यू मॉडल ऐश्वर्या थीं।

UPSE के लिए मॉडलिंग से ब्रेक
वर्ष 2018 में ऐश्वर्या श्योराण ने मॉडलिंग से ब्रेक लिया। यूपीएससी के सिलेबस को समझा और फिर तैयारी शुरू कर दी। दस माह तक घर पर ही रहकर बिना किसी के कोचिंग के ही पहले प्रारंभिक, फाइनल की परीक्षा में सफलता हासिल की। ऐश्वर्या को पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया में 93वीं रैंक हासिल हुई।












Click it and Unblock the Notifications