एमपी सरकार का बड़ा फैसला: अब 25% नहीं, 60% तक होगी मूंग की खरीद, स्लॉट बुकिंग 10 अगस्त तक बढ़ी
मध्य प्रदेश सरकार ने गर्मी की मूंग एमएसपी खरीद को 60% तक बढ़ा दिया है और स्लॉट बुकिंग और खरीद की समय सीमा क्रमशः 10 अगस्त और 20 अगस्त तक बढ़ा दी है। एक उच्च-स्तरीय समिति ई-टोकन प्रणाली की समीक्षा करेगी, जो सुधार लंबित होने तक वर्तमान में निलंबित है। इस कदम का उद्देश्य किसानों को बेहतर समर्थन देना और कीमतों को स्थिर करना है।
मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए ग्रीष्मकालीन मूंग की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का फैसला किया है। इसके साथ ही किसानों की सुविधा को देखते हुए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त और उपार्जन की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है।

यह निर्णय मंत्रालय में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और मंत्री समूह की बैठक के बाद लिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों से जुड़े विषयों के समाधान के लिए गठित मंत्री समूह ने बैठक में कई महत्वपूर्ण किसान हितैषी फैसलों पर सहमति बनाई।
प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
कृषि मंत्री ने बताया कि भारत सरकार ने इस वर्ष ग्रीष्मकालीन मूंग के उपार्जन के लिए मध्यप्रदेश को 4.52 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया है। केंद्र सरकार की योजना के तहत राज्य के कुल उत्पादन का अधिकतम 25 प्रतिशत खरीदने का प्रावधान था। इसी आधार पर पहले किसानों से उनकी उपज का 25 प्रतिशत एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लिया गया था।
हालांकि, किसान संगठनों के साथ हुई चर्चा के बाद राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पात्र किसानों से उनकी मूंग उपज का 60 प्रतिशत तक उपार्जन करने का निर्णय लिया है। नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे जिलों में यह लगभग 3 क्विंटल प्रति एकड़ के बराबर होगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाएगी।
स्लॉट बुकिंग और उपार्जन अवधि बढ़ाई गई
सरकार ने किसानों को राहत देते हुए स्लॉट बुकिंग की अवधि भी 10 दिन बढ़ा दी है। अब किसान 10 अगस्त तक स्लॉट बुकिंग करा सकेंगे। इसके अलावा मूंग उपार्जन की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिल सके।
ई-टोकन से खाद वितरण फिलहाल स्थगित
कृषि मंत्री ने बताया कि खाद वितरण के लिए लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों से कई सुझाव और शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है।
यह समिति ई-टोकन व्यवस्था से जुड़ी सभी समस्याओं की समीक्षा कर राज्य सरकार को अपनी अनुशंसाएं देगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। तब तक ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गई है।
किसानों के हित सर्वोपरि
कृषि मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार निर्णय ले रही है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, खरीद प्रक्रिया सरल बने और खाद वितरण जैसी व्यवस्थाओं में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।


Click it and Unblock the Notifications
