Monsoon updates: गुजरात, बंगाल में आज भारी बारिश की आशंका, मछुआरों के लिए अलर्ट जारी
बेंगलुरु। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उड़ीसा और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है इसलिए मछुआरों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। विभाग ने इन इलाकों में आज और कल भारी बारिश होने की बात कही है। आपको बता दें कि उत्तरी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और पंजाब एवं हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की और तेज बारिश का दौर जारी है।

मैदानी इलाकों की तरह पहाड़ी राज्यों में आगामी दिनों में फिर मौसम बिगड़ने के आसार है, जिसके लिए मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी, विभाग ने कहा था कि अगले दो दिन उत्तराखंड के आठ जिलों पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी में भारी बारिश की आशंका है। इसके तहत 115 से 204 मिमी तक बारिश हो सकती है।

आपको बता दें कि इस वक्त पूरे भारत में मानसून छा चुका है, जिसकी वजह से देश के हर इलाके में अब अच्छी-खासी बारिश होने के आसार है। वैसे पिछले दो दिनों में हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

बारिश का दौर अब रूकने वाला नहीं है। आप सैटेलाइट इमेज के जरिए बादलों की यथास्थिति का पता लगा सकते हैं, ये तस्वीरें भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications