Monsoon Update: आज कोंकण-गोवा में भारी बारिश की आशंका, अलर्ट जारी
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में मानसून अपने पूरे शबाब पर है और पिछले कई दिनों से मुंबई में भारी बारिश का तांडव जारी है। वही मौसम विभाग के रविवार के बुलेटिन के मुताबिक भारी बारिश का सिलसिला आज और कल यानी कि 11 जून को भी जारी रहेगा, विभाग ने 10 और 11 जून को मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 10 और 11 जून को मुंबई और इसके आसपास के इलाकों के साथ साथ कोंकण क्षेत्र के 6 जिलों में भारी से भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है।

विभाग ने इससे पहले आशंका जाहिर की थी कि 10 जून के बाद इन इलाकों में बाढ़ आ सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सही रफ्तार से आगे चल रहा है, जिसके हिसाब से मानसून मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिसा से बंगाल की खाड़ी तक पहुंच चुका है। अरेबियन सी से चला मानसून अभी मुंबई, अहमदनगर, परभानी, योटमल, ब्रम्हपूरी, राजनांदगांव, भवानीपुर और पूरी होते हुए पूर्वी भारत के अगरतला में है।

भारतीय मौसम विभाग ने सैटेलाइट इमेज के जरिए बादलों की सही स्थिति भी व्यक्त की है, विभाग ने कहा है कि मानसून अपने समय से चल रहा है। अरेबियन सी से आ रहा सिस्टम बंगाल की खाड़ी होते हुए पूर्वी भारत तक पहुंच रहा है।
पश्चिम बंगाल होते हुए बिहार पहुंचेगा मानसून
बिहार में 48 घंटे में मानसून दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने बिहार में मानसून के आगमन को लेकर अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश के मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून अभी अच्छी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, जिस तरह से मानसून केरल से सक्रिय होकर मुंबई तक पहुंच गया है। अगर मानसून इसी रफ्तार से आगे बढ़ता रहा तो जून के अंतिम सप्ताह तक लखनऊ में दस्तक दे देगा।
जीवनसंगी की तलाश है? भारत मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें - निःशुल्क रजिस्ट्रेशन!