मानसून एक्सप्रेस ने पकड़ी स्पीड, दिल्ली में हो सकती है झमाझम बारिश
मानसून एक्सप्रेस के उत्तर भारत पहुंचते ही देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है।
नई दिल्ली। मानसून एक्सप्रेस के उत्तर भारत पहुंचते ही देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। दो दिन पहले हुई बारिश से तापमान में आई गिरावट के बाद शनिवार सुबह भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन के औसत तापमान से 3 डिग्री नीचे है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली और आस-पास के इलाकों में बारिश की संभावना है।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिल्ली समेत एनसीआर में मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। दिल्ली की चिलचिलाती गर्मी से लोगों को और राहत मिल सकती है। वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान एवं अनुसंधान (SAFAR) विभाग ने बताया कि शनिवार सुबह पूरे एनसीआर में वायु की गुणवत्ता भी संतोषजनक रही। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रह सकता है। इससे पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रहा, इस सीजन के औसत तापमान से 2 डिग्री नीचे था।

एक दिन पहले ही मानसून ने दी दस्तक
आपको बता दें कि तय समय से एक दिन पहले ही मानसून दिल्ली में दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में राजस्थान के बचे हिस्सों में भी मानसून पहुंच जाएगा। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक मानसून तय समय से 17 दिन पहले ही पूरे देश में छा गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून ही देश को 70 फीसदी वर्षा जल मुहैया कराता है। जहां कृषि प्रमुख काम है और जीडीपी में इन हिस्सों की बड़ी भागीदारी है।

पूरे देश में अगले 24 घंटों में मानसून
चार महीनों की समय अवधि वाला बरसात का मौसम आम तौर पर 1 जुलाई से शुरू होता है और 30 सितंबर तक चलता है। इस साल केरल में मानसून 29 मई को पहुंच गया था, जबकि आम तौर पर यहां 1 जून को मानसून आता है। जून के मध्य तक यह पूरे पश्चिमी तट तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात के कुछ हिस्सों में सक्रिय हो रहा है। मानसून के लिए उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों में बेहतर स्थितियां बन रही हैं जिसके कारण गुजरात, राजस्थान समेत पूरे देश में अगले 24 घंटों में मानसून पहुंच सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
