मोदी सरकार ने बाल कल्याण बजट घटाकर देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया: राहुल गांधी
नई दिल्ली, 21 फरवरी: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट कर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बाल कल्याण बजट घटाकर देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। राहुल गांधी ने एक खबर का हवाला देते हुए ये आरोप लगाया है। खबर में कहा गया है कि वर्ष 2022-23 के केंद्रीय बजट में बच्चों के लिए आवंटन की हिस्सेदारी 2.35 प्रतिशत है, जो 2013-14 में 4.64 प्रतिशत थी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया, मोदी सरकार ने बाल कल्याण के लिए बजट को आधा करके भारत के भविष्य को जोखिम में डाल दिया है। मोदी मित्रों की आय में बेतहाशा बढ़ोतरी से इसकी तुलना करिए।यह पता करना बहुत आसान है कि यह सरकार किसके लिए काम कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, , बाल संरक्षण पिछले कुछ वर्षों में संसाधन आवंटन में सबसे कम प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में से एक रहा है।
बिजनेस टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चों के लिए बजट के अंदर, बाल स्वास्थ्य और बाल विकास के लिए आवंटन का हिस्सा 0.02 और 0.12 प्रतिशत कम हो गया। वहीं बाल शिक्षा को कुल हिस्सेदारी का अधिकतम हिस्सा 1.17 प्रतिशत प्राप्त हुआ है। 2022-23 के बजट में बाल संरक्षण की हिस्सेदारी में 0.01 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बच्चों से जुड़े प्रमुख मंत्रालयों के लिए फंड आवंटन भी कम हो गया है।
महिला और बाल विकास मंत्रालय ने पिछले वर्ष के बजट आवंटन को 7.56 प्रतिशत घटाकर 18,858 करोड़ रुपये कर दिया है। हालांकि सरकार ने 159 नए कार्यक्रम शुरू किए हैं, लेकिन केंद्रीय बजट में बच्चों के लिए पैसों का हिस्सा 2021-22 में 2.46 प्रतिशत से गिरकर 2022-23 में 2.35 प्रतिशत रह गया है। कोरोना महामारी के कारण लगातार स्वास्थ्य जोखिमों के बावजूद, बाल स्वास्थ्य के लिए आवंटन 2021-22 में 3,727 करोड़ रुपये से घटकर केंद्रीय बजट 2022-23 में 3,501 करोड़ रुपये हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications