Onion Price: टमाटर के जैसा नहीं रुलाएगा प्याज, सरकार ने बफर स्टॉक के लिए खरीदा 3 लाख टन, नहीं होगा महंगा
Onion Price: टमाटर की भारी किल्लत के बाद सरकार ने प्याज के लिए कमर कस ली है। प्याज की कीमत लोगों को न रुलाए, इसलिए सरकार ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक के लिए पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी ज्यादा यानी 3 लाख टन प्याज खरीदा है।
उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने रविवार को कहा कि सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 3 लाख टन प्याज खरीदा है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्याज को ज्यादा समय तक सुरक्षित स्टोर करने के लिए भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) के साथ प्याज के विकिरण का भी परीक्षण किया है।

सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 में बफर स्टॉक के तौर पर 2.51 लाख टन प्याज रखा था। उन्होंने कहा कि यदि कम आपूर्ति वाले मौसम के दौरान प्याज की दरें बढ़ जाती हैं, तो किसी भी आपात स्थिति को पूरा करने के लिए 3 लाख टन प्याज खरीदा है।
उन्होंने कहा कि प्याज को लेकर कोई दिक्कत न हो इसके लिए सरकार ने मजबूत बफर स्टॉक तैयार किया है। जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि बफर स्टॉक के लिए जो प्याज खरीदा गया है, वह हाल ही में समाप्त हुए रबी सीजन का है। फिलहाल खरीफ प्याज की बुआई चल रही है और अक्टूबर में इसकी आवक शुरू हो जाएगी।
उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय परमाणु ऊर्जा विभाग और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के साथ प्याज के भंडारण के लिए एक तकनीक का भी प्रयास कर रहा है। इससे प्याज की लाइफ काफी बढ़ जाती है।
बता दें कि इस बार टमाटर की कीमत ने लोगों को बहुत लाल किया है। बढ़ती कीमत से लोग परेशान हो गए थे। लोगों की थाली से टमाटर तो दूर ही हो गए थे। 200 रुपये किलो तक टमाटर की कीमत चली गई थी। लेकिन टमाटर की कीमत के बाद सरकार अब चेत गई है। उन्होंने प्याज के लिए मजबूत बफर स्टॉक तैयार किया है।
यह भी पढ़ें- टमाटर, प्याज, धनिया छोड़िए, अब 'जीरे' ने बिगाड़ा स्वाद, 800 रुपए किलो बिक रहा 'जीरा'












Click it and Unblock the Notifications