Video:सुशासन बाबू के मंच पर विधायक की दबंगई, कार्यकर्ताओं से करवाई मालिश
नई दिल्ली- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की ओर से रविवार को पटना के गांधी मैदान में बुलाए गए कार्यकर्ता सम्मेलन में एक अजीब नजारा दिखा। सुशासन बाबू के नाम से मशहूर नीतीश कुमार की पार्टी ने आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मकसद से पूरे राज्य से पार्टी कार्यकर्ताओं को बुलाया था। लेकिन, इस कार्यक्रम में पार्टी के एक विधायक सरेआम मंच पर कार्यकर्ताओं से अपने पैरों का मसाज करवाते दिखे।

बिहार में नीतीश अपनी छवि सुशासन बाबू की तौर पर पेश करने में हमेशा से गर्व महसूस करते रहे होंगे। लेकिन, उनके विधायकों के दबंगई का एक आलम रविवार को पटना के गांधी मैदान में दिखा। यहां नवादा के जदयू विधायक कौशल यादव किसी राजा-महाराजा के अंदाज में अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं से पैरों का मालिश कराते नजर आए। जेडीयू ने ये कार्यकर्ता सम्मेलन पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन के अवसर पर भी बुलाया था।
आप ये विडियो देखिए कि अगर नीतीश के विधायकों की दबंगई का ये आलम है तो जनता के बीच उनके सुशासन बाबू की छवि पर क्या असर पड़ेगा। विधायक जिस अंदाज में लेटे हुए हैं, उससे जाहिर होता है कि वह खुद अपनी विधायकी को सेवा नहीं, सेवा कराने का माध्यम मान चुके हैं।
बता दें कि इस कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए नीतीश कुमार बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के आगाज के लिए बुलाया था। जिसमें उन्होंने अपने 15 साल के शासन की उपलब्धियों को गिनाने की कोशिश की। नीतीश ने यह बताया कि 15 साल पहले का बिहार और आज के बिहार में कितना अंतर आ चुका है। इसके लिए उन्होंने कई आंकड़े भी कार्यकर्ताओं के सामने पेश किए। उन्होंने दावा किया कि सात निश्चिय के तहत की गई घोषणाओं में काफी सारे वादे पूरे किए जा चुके हैं। इस बार उन्होंने कहा है कि अगला मौका मिलने पर वह हर खेत में पानी पहुंचाकर रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications