इस राज्य में लगा कांग्रेस को बड़ा झटका, विधानसभा अध्यक्ष ने इस्तीफा देकर थामा बीजेपी का दामन
नई दिल्ली। मिजोरम में विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा जब विधानसभा अध्यक्ष हिफेई ने अपने पद, सदन और कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। इसके कुछ ही देर के बाद हिफेई ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। 28 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले कांग्रेस पार्टी के लिए ये बड़ा झटका माना जा रहा है।

इसके पहले सोमवार को हिफेई ने कहा था कि उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा उपाध्यक्ष आर. लालरीनवमा को सौंप दिया था जिसे स्वीकार कर लिया गया है। हालांकि एक बीजेपी नेता ने हिफेई के इस्तीफा देने और फिर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने को लेकर पहले ही दावा किया था। नाम न छापने की शर्त पर बीजेपी नेता ने ये भी कहा था कि हिफेई ने हाल में भाजपा के केंद्रीय नेताओं से भी मुलाकात की थी।
उत्तर-पूर्व में मिजोरम ही एकमात्र राज्य है जहां कांग्रेस सत्ता में है। ऐसे में दोबारा सत्ता में वापसी की कांग्रेस की कोशिशों को झटका लगा है। 40 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए यहां 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। भाजपा मिजोरम में सरकार बनाने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरी है और यहां मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications