Mizoram Elections 2023: चुनावी पथ पर राहुल गांधी, स्कूटी पर सवार होकर पहुंचे राज्य के पूर्व सीएम के घर
Mizoram Elections 2023: मिजोरम विधानसभा चुनाव 2023 के मतदान की तारीखें जैसे-जैसे करीब आ रही हैं, वैसे-वैसे सभी राजनीतिक दल अपनी बिसात बिछाने में जुट गए हैं। इसी कडी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी राज्य के दौरे पर हैं। मिजोरम की अपनी यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को राहुल गांधी ने मिजोरम के पूर्व मुख्यमंत्री ललथनहवला से मुलाकात की।
ललथनहवला के आवास तक पहुंचने के लिए राहुल गांधी स्कूटी (दोपहिया वाहन) पर सवार हो गए। वहीं, पहले दिन यानी 16 अक्टूबर को राहुल गांधी ने चानमारी से राजभवन तक पदयात्रा की थी। इस दौरान राहुल गांधी ने अपने समर्थकों और चाहने वालों के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने यात्रा के दौरान कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने विविध भाषाओं, धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं को एक धागे में पिरोया है।

कांग्रेस ने जारी की 39 उम्मीदवारों की सूची
आपको बता दें कि गांधी के मिजोरम आगमन के बाद कांग्रेस पार्टी ने आगामी मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की सूची भी जारी की। कांग्रेस ने आइजवाल पूर्व-I निर्वाचन क्षेत्र से लालसांगलुरा राल्ते को मैदान में उतारा है, जो वर्तमान में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री जोरमथांगा के पास है।
मिजोरम कांग्रेस कमेटी के प्रमुख लालसावता को आइजोल पश्चिम-III (एसटी) से मैदान में उतारा गया है, वहीं, लालनुनमाविया चुआंगो को आइजोल उत्तर-I (एसटी) से पार्टी का टिकट दिया गया है। इसके अलावा, लालरिंडिका राल्ते हाचेक (एसटी) से, लालमिंगथांगा सेलो डंपा (एसटी) से और लालरिनमाविया आइजोल उत्तर-द्वितीय से चुनाव लड़ेंगे। मिजोरम में 7 नवंबर को मतदान होना है। वहीं, 3 दिसंबर को नतीजे आने हैं।












Click it and Unblock the Notifications