मिजोरम चुनाव: मतदान के लिए बड़ी संख्या में आए ब्रू समुदाय के लोग
नई दिल्ली। मिजोरम विधानसभा चुनाव में आज 40 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। राज्य में एक ही चरण में मतदान हो रहा है, जिसके लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के भारी इंतजाम किए हैं। मिजोरम में कुल 209 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 770395 मतदाता करेंगे। सुबह से मतदान के लिए बड़ी संख्या में मतदाता पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे हैं। जबकि ब्रू शरणार्थियों में भी वोटिंग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मिजोरम के ज्यादातर ब्रू मामित और कोलासिब जिलों में निवास करते हैं। करीब एक दर्जन उपजातियां ब्रु के अंदर आती हैं। इस समुदाय की सबसे ज्यादा आबादी मामित जिले में रहती है। मामित जिले में तीन विधानसभा- हाच्चेक, डाम्पा और मामित शामिल हैं। मामित के ही कान्हमुन पोलिंग बूथ पर आज इस समुदाय के लोग बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे हैं। आमतौर पर इस समुदाय का वोटिंग प्रतिशत बहुत कम रहता है लेकिन इस दफे काफी बदलाव देखने को मिला है।
9 विधानसभा सीटों पर अहम भूमिका निभाते हैं ब्रू शरणार्थी
मिजोरम के 9 विधानसभा क्षेत्र ऐसे है जहां ब्रू शरणार्थी अहम भूमिका निभाते है। इनमें 15 पोलिंग स्टेशनों पर आज सुबह से ही पहले की तुलना में काफी तेज गति से मतदान हो रहा है। बता दें कि पूर्वोत्तर में अब मिजोरम ही अकेला ऐसा राज्य है, जहां कांग्रेस की सरकार है। साल 2008 से कांग्रेस यहां सत्ता में है और तीसरी बार भी सरकार बनाने का दावा कर रही है। वहीं, भाजपा ने यहां 39 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications