कर्नाटक: मंगलुरु के कुलूर ब्रिज के पास मिली दुर्घटनाग्रस्त कार, बिजनेसमैन नहीं मिले अंदर, पुलिस तलाश में जुटी
Karnataka Businessman Missing: कर्नाटक के मंगलूरु से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के कुलूर पुल के पास पूर्व कांग्रेस विधायक के भाई और बिजनेसमैन मुमताज अली लापता हो गए, हैरानी की बात यह है कि ब्रिज के पास उनकी कार मिली है, जिनकी उनकी कोई खबर नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह बिजनेसमैन के लापता होने की सूचना मिलने के बाद मंगलुरु पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया है। लापता व्यवसायी मुमताज अली हैं, जो जनता दल (सेक्युलर) एमएलसी बीएम फारूक और पूर्व कांग्रेस विधायक मोहिउद्दीन बावा के भाई हैं।

लावारिस हालत में मिली कार
अधिकारियों के अनुसार, अली रविवार को सुबह करीब 3 बजे अपनी कार से घर से निकले और बाद में सुबह करीब 5 बजे कुलूर पुल के पास रुके। उसकी गाड़ी कुलूर पुल के पास लावारिस हालत में मिली, जिससे संदेह है कि उसने पुल से छलांग लगा दी होगी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मंगलुरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने कहा कि गाड़ी पर नुकसान के निशान थे। यह पता लगाने के लिए कि अली ने पुल से छलांग लगाई है या नहीं, नदी में तलाशी के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और तटरक्षक बल को बुलाया गया है।
पुलिस को किसी अनहोनी की आशंका
मंगलुरु के सीपी अनुपम अग्रवाल ने कहा, "आज सुबह हमें सूचना मिली कि व्यवसायी मुमताज अली की गाड़ी कुलूर पुल के पास मिली है। हो सकता है कि उन्होंने पुल से छलांग लगाई हो। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।"
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार वह सुबह 3 बजे अपनी कार में घर से निकले, शहर में घूमे और सुबह करीब 5 बजे कुलूर पुल के पास अपनी कार रोकी। कार पर कुछ दुर्घटना के निशान हैं और इसके तुरंत बाद उनकी बेटी ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
उन्होंने कहा, "एसडीआरएफ और तटरक्षक दल नदी में खोज कर रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि उन्होंने नदी में छलांग लगाई या कोई और बात हुई है।" उन्होंने कहा, "हम मामले की आगे जांच कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications