J&K: लापता सेना का जवान आतंकी संगठन हिजबुल में हुआ शामिल, पुलिस ने की पुष्टि
श्रीनगर। इस महीने की शुरुआत में गायब हुआ सेना का जवान आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन में शामिल हो गया है। इसकी पुष्टि सोमवार को जम्मू कश्मीर पुलिस ने की। इस जवान का नाम इदरीस मीर बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इदरीस रविवार को आंतकी संगठन में शामिल हुआ है। वह सेना की जम्मू कश्मीर लाइट इंफेंट्री यूनिट का जवान था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मीर शोपियां से लापता हुआ है। उसने दो स्थानीय लोगों के साथ आतंकी संगठन हिजबुल को ज्वॉइन किया है। ये दोनों भी कई दिनों से लापता बताए जा रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह पिछले हफ्ते गुरुवार को ही वह शोपियां के साफनाग में अपने घर लौटा था और इसके बाद से लापता था।
हालांकि सेना का कहना है कि वह 'लापता' है और किसी आतंकवादी संगठन में उसके शामिल होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, पुलिस के अनुसार मीर झारखंड में तैनात था और इसे लेकर वह नाखुश था। इसी बीच सोशल मीडिया पर मीर की एक तस्वीर वायरल हो रही है। जिसमें वह बंदूक लिए खड़ा दिख रहा है। हालांकि पुलिस ने इस तस्वीर की पुष्टि नहीं की है।
इदरीस मीर के आतंकी संगठन में शामिल होने के बाद सुरक्षा एजेंसी भी चौकन्नी हो गई हैं। आईबी की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों आतंकी संगठनों ने दक्षिण कश्मीर में युवाओं को भर्ती करने का अभियान जोरशोर से छेड़ा हुआ है। ये सभी भर्तियां सोशल मीडिया के माध्यम से की गई हैं।
बीते सालों में जम्मू कश्मीर ने काफी युवा आतंकी संगठन में शामिल हुए हैं। साल 2011 से अगर तुलना करें तो 2017 में आतंकी भर्ती की रफ्तार चौंक देने वाली है। साल 2011 में 23 कश्मीरी युवा आतंकी संगठन में शामिल हुए थे। लेकिन 2017 में यह संख्या बढ़कर 100 को पार पहुंच गई है। अधिकत युवा हिज्बुल मुजाहिद्दीन में शामिल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications