कश्मीर बाढ़ पीड़ितों के लिए घर बनवाएंगे मीरवाइज
श्रीनगर। नरमपंथी हुर्रियत समूह के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने यहां शनिवार को एक कश्मीरी पंडित के लिए एक नए घर की आधार शिला रखने के साथ ही बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास की अपनी योजना की शुरुआत की।

मीरवाइज ने श्रीनगर के मंदिर बाग इलाके में मोतीलाल के लिए नए घर की नींव रखकर योजना की शुरुआत की। सितंबर महीने में कश्मीर घाटी में आई भयंकर बाढ़ में कई मकानों के साथ मोतीलाल का मकान भी नष्ट हो गया था और वह भी हजारों लोगों की तरह बेघर हो गए थे।
मोतीलाल की पत्नी और बेटी ने अपनी परंपरा के अनुसार मिट्टी का दिया जलाया और मीरवाइज का मुंह मीठा कराया। मीरवाइज के सचिव शाहिद-उल-इस्लाम ने बताया कि मीरवाइज ने बाढ़ पीड़ितों के लिए एक मंजिला आवास के निर्माण की परियोजना शुरू की है।
शाहिद ने बताया कि हरेक मकान की लागत शुरुआत में 5.50 लाख रुपये आंकी गई थी, लेकिन अब लगता है कि लागत छह लाख रुपये तक जाएगी।उन्होंने कहा कि 100 आवास के निमार्ण कार्य में 5.2 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आएगी, जिसके लिए जनता से दान देने का आग्रह किया गया है।
शाहिद ने कहा, "हम एक करोड़ रुपये तक दानराशि जुटा चुके हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications