दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में नाबालिग के साथ गैंगरेप, चार दोस्तों ने धोखे से बुलाकर बनाया शिकार
नई दिल्ली। Gangrape in South Delhi दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लड़की के ही एक दोस्त पर लगा है। आरोपी ने लड़की को मिलने के लिए किसी जगह पर बुलाया था, जहां उसके तीन दोस्त पहले से ही मौजूद थे। चारों ने मिलकर लड़की को पहले बंधक बनाया। उसके बाद उसके साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने आरोपी और उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। ये घटना शनिवार की है। पुलिस ने रविवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Recommended Video

दोस्त के घर बुलाकर किया गैंगरेप
पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, 14 साल की पीड़िता पिछले 4 महीने से ग्रेटर कैलाश की एक कोठी में काम कर रही थी। यहीं पर 17 साल का एक लड़का भी उसके साथ काम करता था। इस दौरान दोनों की दोस्ती हो गई। एक महीने बाद लड़के ने वहां से काम छोड़ दिया, लेकिन दोनों का मिलना-जुलना फिर जारी था। शनिवार शाम को लड़के ने लड़की को अपने दोस्त के घर पर मिलने के लिए बुलाया, जहां तीन लड़के पहले से मौजूद थे। इसके बाद लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया।
जान से मारने की धमकी देकर किया गैंगरेप
पीड़िता ने बताया है कि आरोपियों ने घटना को अंजाम देने के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी थी, लेकिन उसने हिम्मत से काम लेते हुए परिजनों को पूरी घटना बता दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया, जिसमें गैंगरेप की पुष्टि हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रविवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया।
तीन आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, चार आरोपियों में से तीन की पहचान बताई गई है। तीनों के नाम शिवम, हरिशंकर और मंगेश है। ये तीनों अपने दोस्त के घर पर पहले से मौजूद थे। इन्होंने ही लड़की को बंधक बनाया था। पुलिस ने बताया है कि इनमें से दो आरोपी यूपी के हैं, जो वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की फिराक में थे। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए चारों आरोपी आसपास की कोठियों और दुकानों में हेल्पर का काम करते थे। पुलिस ने इन चारों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications