जनता पर पड़ सकती है महंगाई की एक और मार, देशभर में बढ़ सकती हैं दूध की कीमतें, जानिए वजह
नई दिल्ली, जून 01। महंगाई की मार झेल रही जनता पर आने वाले दिनों में एक और बोझ पड़ सकता है। दरअसल, ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि देश के अंदर दूध की कीमतों में इजाफा हो सकता है। बुधवार को केंद्र सरकार ने इस बात को स्वीकार किया है कि देश में भूसा का संकट गहरा रहा है और इसका सीधा असर दूध की कीमतों पर पड़ सकता है।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की गौशालाओं में पशुओं के चारे का संकट गहरा गया है। इसी के चलते सूबे के सभी जिलाधिकारियों से करीब दो लाख टन भूसा दान में लेने का लक्ष्य रखा गया है। इन सबके बीच केंद्र सरकार में पशुपालन मंत्री संजीव बालियान ने कहा है कि कई किसानों ने भूसे का दाम बढ़ने की शिकायत की है, जिस वजह से किसानों को अपने मवेशी बेचने पड़ रहे हैं। हालांकि उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया है कि इस स्थिति को वो ठीक कर देंगे।
संजीव बालियान ने कहा है कि भूसे की कमी के कारण हरियाणा सरकार ने भूसा बेचने पर रोक लगा दी है, जिसके बाद से अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। केंद्र सरकार को भी हालात के गंभीरता का अंदाजा है, लेकिन उनका कहना है कि इस मामले पर साइलस यानि पैकिंग चारे के अलावा और कोई विकल्प नहीं है। उत्तर प्रदेश में भूसे के संकट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाजार में गेहूं 2000 रुपए क्विंटल है और भूसा 1400 से 1600 रुपए क्विंटल बिक रहा है।
आपको बता दें कि भूसा संकट की वजह से किसानों ने सरकार को दूध की कीमतें बढ़ाने का अल्टीमेटम दे दिया है। किसानों का कहना है कि या तो दूध की कीमतें बढ़ानी होंगी या फिर हमे मजबूरी में आकर अपने मवेशियो को बेचना होगा।












Click it and Unblock the Notifications