MHA: असम में विदेशी पत्रकारों के राज्य छोड़ने की खबरें गलत, MEA से परमिशन के बाद कर सकते हैं यात्रा
नई दिल्ली: असम में विदेशी पत्रकारों के राज्य छोड़ने की खबरों का गृह मंत्रालय ने बुधवार को खंडन किया। गृह मंत्रालय ने ऐसी खबरों को अफवाह बताया। मंत्रालय ने कहा कि असम में काम करने वाले सभी विदेशी पत्रकारों को राज्य छोड़ने को नहीं कहा गया है। ऐसी खबरें भ्रामक और गलत है, ना तो गृह मंत्रालय और ना ही विदेश मंत्रालय ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है।

गृह मंत्रालय ने कहा कि कोई भी विदेशी पत्रकार, जो पहले से ही भारत में है या बाद में भारत आना चाहता है वह विदेश मंत्रालय की अनुमति लेने के बाद असम का दौरा कर सकता है। इस अनुमति को जारी करने से पहले विदेश मंत्रालय द्वारा आंतरिक रूप से गृह मंत्रालय से परामर्श किया जाता है।
गौरतलब है कि असम में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर(एनआरसी) की अंतिम सूची शनिवार को जारी की गई थी। इस लिस्ट में करीब 19 लाख लोगों के नाम शामिल नहीं है। हालांकि इन लोगों को अभी एक अंतिम मौका और मिलेगा। उन्हें फॉरेन ट्रिब्यूनल जाकर ये अपनी नागरिकता साबित करनी होगी। गौरतलब है कि एनआरसी मोदी सरकार के प्रमुख मुद्दो में से एक रहा है। इस मुद्दे को लेकर असम में काफी समय से बहस चल रही थी।












Click it and Unblock the Notifications