फ्री मेट्रो राइड: AAP ने 'मेट्रो मैन' पर लगाया बीजेपी की जुबान बोलने का आरोप
नई दिल्ली। महिलाओं के लिए फ्री मेट्रो राइड पर चल रहे सियासी घमासान के लपेटे में 'मेट्रो मैन' ई श्रीधरन भी आते दिख रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि श्रीधरन बीजेपी की जुबान बोल रहे हैं। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने श्रीधरन के सवाल का जवाब दिया है। आतिशी ने प्रेस वार्ता करते हुए मेट्रो में महिलाओं को फ्री यात्रा कराने के मामले में उप-मुख्यमंत्री को भेजे गए मेट्रो मैन ई.श्रीधरन के जवाब पर कहा कि हम श्रीधरन का सम्मान करते हैं, लेकिन श्रीधरन कृपा करके बीजेपी को अपने कंधे से बंदूक न चलाने दें।

आतिशी का कहना है कि यदि महिलाओं को फ्री राइड देने से मेट्रो पर आर्थिक बोझ बढ़ता है तो फिर पिछले साल जब केंद्र सरकार ने छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों को किराए में छूट देने का प्रस्ताव बनाया था, उस समय वो क्यों नहीं बोले। इसके अलावा आतिशी ने कहा कि एयरपोर्ट मेट्रो लाइन में आर्थिक गड़बडियों को क्यों होने से नहीं रोका, जबकि दिल्ली सरकार ने उस पर सवाल भी उठाया था और खुद मेट्रो मैन डीएमआरसी के प्रबंधन में मौजूद थे। आतिशी ने प्रेस वार्ता में कहा कि उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की ओर से मेट्रो मैन ई श्रीधरन को पत्र इसलिए लिखा गया था कि वो समझ सकें कि महिलाओं को फ्री यात्रा देने का आप सरकार का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण है।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि जिस तरह हमने बिजली के बिल आधे और पानी के बिल माफ किये और फिर भी दिल्ली की इकोनॉमी में बढ़ोतरी हुई, ठीक उसी तरह अगर हम महिलाओं को फ्री ट्रैवल एक्सेस देते हैं तो इससे दिल्ली की इकोनॉमी को बढ़ावा ही मिलेगा।
मेट्रो में महिलाओं की मुफ्त यात्रा योजना सिर्फ चुनावी शगूफा- श्रीधरन
दिल्ली सरकार की ओर से मेट्रो में महिलाओं की मुफ्त यात्रा की बात पर अब दिल्ली मेट्रो के पूर्व प्रमुख ई श्रीधरन ने अपनी तल्ख प्रतिक्रिया डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को दर्ज करवाई है। श्रीधरन ने मनीष सिसोदिया को एक पत्र लिख कर इस बात को सिर्फ एक चुनावी शगूफा करार दिया है। श्रीधरन ने लिखा कि मैं महिलाओं की मुफ्त यात्रा के विरोध में नहीं हूं लेकिन मैं मेट्रो में मुफ्त यात्रा की बात पर अपना विरोध दर्ज करवा रहा हूं।
श्रीधरन ने सिसोदिया को कहा कि यदि दिल्ली सरकार को महिलाओं की इतनी ही चिंता है तो वे उनका यात्रा खर्च उन्हें दें न कि मेट्रो में मुफ्त यात्रा की बात कहें। उन्होंने आगे लिखा कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को सरकार की तरफ से मिलने वाला कोई भी कंपंसेशन कर दे रहे लोगों का ही पैसा है और लोगों को सरकार से यह पूछने का हक है कि क्यों सिर्फ महिलाओं को ही मुफ्त में यात्रा करवाने की बात की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications