Meteor In India: नोएडा और मथुरा के आसमान में देर रात क्या दिखा? मोबाइल में कैद हुआ आसमानी रहस्य-Video
Meteor in India: 19 और 20 सितंबर की दरम्यानी रात दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम समेत मथुरा में शुक्रवार रात आसमान में एक अद्भुत खगोलीय घटना देखने को मिली। एक तेज़ चमकते उल्कापिंड (Meteor) ने दिल्ली-एनसीआर और मथुरा के लोगों को हैरान कर दिया। यह घटना 20 सितंबर 2025 की भारतीय समयानुसार रात 1 बजकर 52 मिनट पर रिकॉर्ड हुई।
आसमान में आग का गोला
प्रत्यक्षदर्शियों समेत वनइंडिया के चीफ सब एडिटर सिद्धार्थ पुरोहित के मुताबिक, अचानक आसमान में चमकदार रोशनी की एक लंबी धार नजर आई, और फिर ऐसा लगा जैसे उल्कापिंड हवा में फट गया हो। यह नजारा दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, मथुरा और अलीगढ़ समेत कई शहरों में देखा गया। सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो वायरल हो गए, जिनमें आसमान में आग का गोला चमकता और फिर छोटे-छोटे चमकीले टुकड़ों में टूटता दिखाई दे रहा है।

एक्सपर्ट्स ने क्या बताया?
खगोल विज्ञान विशेषज्ञों ने बताया कि यह घटना संभवतः बोलिड थी - यह एक खास प्रकार का उल्कापिंड होता है जो पृथ्वी के वायुमंडल में घुसने के बाद तेज़ रोशनी के साथ टूट जाता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक-
• उल्कापिंड आम तौर पर जमीन पर पहुंचने से पहले ही नष्ट हो जाते हैं।
• इस घटना से किसी भी प्रकार के नुकसान की संभावना नहीं है।
दुर्लभ और रोमांचक नजारा
अमेरिकन मेट्योर सोसाइटी के अनुसार, सितंबर का महीना छोटे उल्कापिंडों के लिए सक्रिय समय होता है। लेकिन इतनी बड़ी आबादी के सामने इतने चमकीले उल्कापिंड का दिखना काफी दुर्लभ है।
कई लोगों ने देखा नजारा
दिल्ली-एनसीआर के कई लोगों ने बताया कि यह चमक कुछ सेकंड के लिए ही थी, लेकिन इतनी तेज थी कि शहर की रोशनी भी फीकी पड़ गई। कुछ लोगों ने हल्की गड़गड़ाहट की आवाज सुनने का भी दावा किया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
किसी नुकसान की रिपोर्ट नहीं
अधिकारियों ने साफ किया है कि इस घटना से कोई नुकसान नहीं हुआ है। आकाश देखने वालों ने इस दृश्य को "लाइफटाइम एक्सपीरियंस" बताया। इस खबर को लिखने वाले पत्रकार सिद्धार्थ घटना के वक्त मथुरा में थे। उन्होंने अपने फोन में भी इस घटना को मथुरा के भीड़-भाड़ वाले इलाके से रिकॉर्ड भी किया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications