ट्विटर पर 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' के सामने ट्रेंड हुआ 'मेरा जवान सबसे मजबूत'
नई दिल्ली। विंग कमांडर अभिनंदन के पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में पहुंचने के बाद हिरासत में ले लिया गया था। ये खबर जैसे ही आई पूरा देश एक स्वर में उनकी रिहाई की मांग करने लगा। लोगों ने हर प्रकार से सरकार से अपील की और कहा कि विंग कमांडर अभिनंदन को किसी भी हालत में भारत लाया जाए। दूसरी तरफ विपक्षी दलों ने बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साधा कि विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई की कोशिश करने के बजाए वे चुनावी कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। इसके बाद देखते ही देखते कुछ देर में ट्विटर पर #MeraJawanSabseMajboot ट्रेंड करने लगा, उस वक्त बीजेपी का #MeraBoothSabseMazboot कार्यक्रम चल रहा था।

'मेरा जवान सबसे मजबूत' के जरिए विपक्ष का बीजेपी पर हमला
कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से इस हैशटैग के साथ ट्वीट किया किया, 'ये शर्मनाक है कि जब भारत विंग कमांडर अभिनंदन की वापसी का इंतजार कर रहा है, तो हमारे प्राइम टाइम पीएम कुछ मिनटों के लिए भी चुनाव प्रचार बंद नहीं कर सकते हैं। हम अपने सैनिकों के साथ खड़े हैं और मोदी सरकार से उनकी उदासीनता पर सवाल उठाते रहेंगे।'
कांग्रेस-आप नेताओं ने पीएम मोदी को घेरा
आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर #MeraJawanSabseMajboot #BringBackAbhinandan हैशटैग के साथ लिखा- तेरा बूथ ही तुझे ले डूबेगा। इसके अलावा कांग्रेस छात्र संगठन NSUI ने ट्वीट किया, 'करते है उन वीरों को सलाम जिन्होंने अपनी वीरता से देश को गौरवान्वित महसूस करवाया। ऐसी परिस्थिति में अब हमें एकजुट होकर हमारी सेना को पूरा समर्थन देना है, उन्हें और भी मजबूत करना है।
अन्य यूजर्स ने भी बीजेपी को खरी-खोटी सुनाई
इस हैशटैग के साथ विपक्षी दलों के नेताओं ने ट्वीट किया और साथ ही अन्य यूजर्स ने भी ट्वीट करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ये #MeraJawanSabseMajboot टॉप पर पहुंच गया और बीजेपी कार्यक्रम को लेकर चलाया जाने वाला #MeraBoothSabseMazboot ट्रेंड दूसरे स्थान पर आ गया। लोगों में गुस्सा सीमा पर चल रहे तल्ख माहौल के दौरान पार्टी के प्रचार को लेकर है। हेमंत रजौरा नाम के एक यूजर ने लिखा बेशर्मी की हद होती है। हमारा बहादुर अभिनंदन पाकिस्तान के कब्जे में हैं और तुम्हें पार्टी के प्रचार की पड़ी है। गुरुवार को पीएम मोदी ने 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के जरिए वीडियो कॉफ्रेंस में 15 हजार जगहों से पार्टी से जुड़े लोगों को संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications