'खालिस्तानी आतंकियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन रहा कनाडा', भारत के साथ विवाद पर विदेश मंत्रालय
MEA Arindam Bagchi On Canada Issue: कनाडा की सरकार की तरफ से लगाए गए भारत पर आरोपों के बाद दोनों देशों के बीच तनातनी की स्थिति बन गई है। जिसके बाद भारत सरकार ने एक्शन लेते हुए कनाडाई नागरिकों के वीजा सर्विस पर रोक लगी दी। वहीं अब कनाडा के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है।
भारत और कनाडा के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। ऐसे में गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि खालिस्तानी आतंकियों के लिए कनाडा सुरक्षित ठिकाना बन रहा है।

विदेश मंत्रालय ने खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंटों के "संभावित संबंध" का दावा करने वाले कनाडा के आरोपों को "राजनीति से प्रेरित" बताया हैं। MEA प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हां, मुझे लगता है कि कुछ हद तक पूर्वाग्रह है। उन्होंने (कनाडा सरकार) आरोप लगाए हैं और उन पर कार्रवाई की है। हमें ऐसा लगता है कि कनाडा सरकार के ये आरोप मुख्य रूप से राजनीति से प्रेरित हैं।
भारत-कनाडा विवाद पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमें उपलब्ध कराई गई किसी भी विशिष्ट जानकारी पर गौर करने के लिए तैयार हैं, लेकिन अभी तक हमें कनाडा से कोई विशेष जानकारी नहीं मिली है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी ओर से कनाडा में रहकर कुछ लोगों के द्वारा आपराधिक गतिविधियों के बारे में विशिष्ट सबूत कनाडा के साथ साझा किए गए हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं की गई है।
'आतंकियों के लिए सेफ जगह बन रही कनाडा'
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि प्रतिष्ठा को नुकसान की बात करें, अगर कोई देश है जिसे चिंता करने की जरूरत है, तो वह कनाडा है। जिसकी आतंकवादियों, उग्रवादियों और संगठित अपराध के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह के रूप में प्रतिष्ठा बढ़ रही है।
#WATCH | MEA Spokesperson Arindam Bagchi says, "If you're talking about reputational issues and reputational damage, if there's any country that needs to look at this, I think it is Canada and its growing reputation as a place, as a safe haven for terrorists, for extremists, and… pic.twitter.com/F2LZGTJ6b9
— ANI (@ANI) September 21, 2023
अरिंदम बागची ने आगे कहा, "कनाडा में सुरक्षित आश्रय प्रदान किया जा रहा है, हम चाहते हैं कि कनाडा सरकार ऐसा न करे और उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे जिन पर आतंकवाद के आरोप हैं या उन्हें यहां भेजें... हमने पिछले कुछ वर्षों में 20-25 से अधिक लोगों के प्रत्यर्पण या कार्रवाई के लिए कनाडा सरकार से अनुरोध किया है। लेकिन किसी तरह की कोई मदद नहीं मिली।"
दूतावास सुरक्षा पर दिया ये जवाब
वहीं कनाडा में भारतीय वाणिज्य दूतावास में सुरक्षा बढ़ाने के सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "हमारा मानना है कि सुरक्षा प्रदान करना मेजबान सरकार की जिम्मेदारी है। कुछ जगहों पर हमारी अपनी सुरक्षा व्यवस्था भी है। लेकिन इस पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं करना ठीक नहीं है। यह उचित स्थिति नहीं है।"
वहीं कनाडा के राजनयिकों को धमकियों की रिपोर्ट के सवाल पर MEA प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हम अपने दायित्वों को बहुत गंभीरता से लेते हैं। हम निश्चित रूप से भारत में विदेशी राजनयिकों को सभी तरह की सुरक्षा प्रदान करेंगे। हम कनाडा से भी उम्मीद करते हैं कि वे कनाडा में हमारे राजनयिकों के प्रति इसी तरह की संवेदनशीलता दिखाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications