कुलभूषण जाधव के वीडियो पर भारत ने पाकिस्तान को फटकारा
कुलभूषण यादव के कबूलनामे का नया वीडियो और उसकी दया याचिका पर पाकिस्तान की तरफ से कही गई बात को भारत ने खारिज कर दिया है।
दिल्ली। पाकिस्तान के इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशन ने एक बयान जारी कर कहा था कि मौत की सजा पाए जासूसी के आरोपी भारतीय कुलभूषण जाधव ने सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा के पास दया याचिका भेजी थी। साथ ही, जाधव के कबूलनामे का नया वीडियो भी जारी किया गया। भारत ने पाकिस्तान के इन कदमों पर उसे लताड़ा है। भारतीय विदेश विभाग ने कहा कि झूठे प्रोपेगंडा के जरिए इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में चल रही कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिशों से पाकिस्तान को बाज आना चाहिए।

भारत ने पाक को लगाई लताड़
भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा है कि इस केस में जो भी अब तक हुआ है उससे एक बार फिर पाकिस्तान में श्री जाधव के खिलाफ मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर चली न्यायिक प्रकिया में पारदर्शिता के अभाव और उसकी हास्यास्पद प्रकृति का पर्दाफाश हुआ है। पाकिस्तान ने जाधव के कानूनी और कांसुलर अधिकारों का हनन किया और इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस की न्यायिक प्रकिया में भी पूर्वाग्रह से भरी चीजों को लाने का प्रयास किया है।
वीडियो को भारत ने कहा झूठा प्रोपेगंडा
जाधव के कबूलनामे वाले वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश विभाग ने कहा कि गढ़े गए तथ्यों से सच को पलटा नहीं जा सकता। हम पाकिस्तान से आशा करते हैं कि वह अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय के जाधव की मौत की सजा पर लगाए गए स्टे का पालन करे और झूठे प्रोपेगंडों के जरिए न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों से बाज आए।

दया याचिका की बात को भी भारत ने नकारा
कुलभूषण की दया याचिका की बात को भी गोपाल बागले ने खारिज करते हुए कहा कि इसका अस्तित्व संदेहों के घेरे में है। जाधव की कथित दया याचिका के बारे में कही गई बातें और परिस्थितियां बिल्कुल स्पष्ट नहीं हैं। बागले ने कहा कि भारत जाधव के केस के अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में लड़ेगा और पाकिस्तान के इन अनुचित कदमों के बावजूद वहां न्याय मिलेगा, इसमें देश को पूरा भरोसा है।












Click it and Unblock the Notifications