अमित शाह को अरुणाचल दौरे पर चीन की आपत्ति को भारत ने किया खारिज
नई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह के अरुणाचल प्रदेश दौरे पर चीन के एतराज को भारत ने समझ से परे बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने गुरुवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, भारत के नेता नियमित रूप से अरुणाचल प्रदेश की यात्रा करते रहते हैं जैसा वे भारत के दूसरे राज्य में समय-समय पर जाते हैं। भारत का कोई भी नेता देश के किसी भी राज्य में जा सकता है, इस पर आपत्ति समझ से परे है। अरुणाचल भारत का राज्य है, ऐसे में चीन की शाह के दौरे पर आपत्ति बेवजह है।

अरुणाचल प्रदेश आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश पहुंचे हैं। चीन ने अमित शाह की यात्रा को बीजिंग की क्षेत्रीय संप्रभुता का उल्लंघन कहा है। इसी का जवाब भारत ने दिया है और चीन की आपत्ति को खारिज कर दिया है।
रवीश कुमार ने चीन में कोरोना वायरस के संकट पर कहा, भारत सरकार की तरफ से चीन को सहायता के तौर पर एक फ्लाइट में दवाइयों का कंसाइनमेंट भेजा जाएगा, वापसी में एयरक्राफ्ट उन भारतीय नागरिकों को भारत लेकर आएगा जो पहली दो फ्लाइट में नहीं आ पाए। उन्हें भारतीय दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है।
ब्रिटेन की लेबर पार्टी की सदस्य और कश्मीर पर ऑल पार्टी संसदीय समूह की अध्यक्ष डेबी अब्राहम को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोकने और वापस भेजने पर विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, वह बिना वैध वीजा के यहां आई थी इसलिए हमने उनको दिल्ली एयरपोर्ट से इज्जत के साथ वापस भेज दिया। हम मानते हैं कि उनके बयान और विचारधारा भारत विरोधी हैं। भारत के खिलाफ उसकी ओर से निरंतर अभियान चल रहा है।
ट्रंप के भारत पर दौरे पर विदेश मंत्रालय प्रवक्ता ने कहा, यह अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की पहली भारत यात्रा होगी। 8 महीनों में पीएम मोदी के साथ यह उनकी 5वीं मुलाकात होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा के तीन चरण हैं- अहमदाबाद-आगरा- दिल्ली। ट्रंप दोपहर के आसपास अहमदाबाद पहुंचेंगे, वहां से वे 'नमस्ते ट्रम्प' कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए मोटेरा स्टेडियम जायेंगे। दिल्ली में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी राज घाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।












Click it and Unblock the Notifications