MCD ने तुरंत ठीक करवाई सिंगापुर उच्चायोग के बोर्ड में स्पेलिंग, हाई कमिश्नर ने जाहिर की खुशी
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सिंगापुर उच्चायोग का एक बोर्ड लगाया था। जिसमें स्पेलिंग की गलती थी। उसका मुद्दा सिंगापुर के उच्चायुक्त एचसी वोंग ने ट्विटर पर बड़ी ही विनम्रता से उठाया। हालांकि अधिकारियों ने भी तुरंत इस मामले का संज्ञान लिया।
दरअसल सिंगापुर की स्पेलिंग Singapore होती है, जबकि एमसीडी की ओर से जो बोर्ड लगाया गया उसमें Singapur लिखा हुआ था। जिसकी फोटो हाई कमिश्नर ने ली और भारत में सिंगापुर उच्चायोग के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से उसको डाली।

उन्होंने दो फोटो ट्विटर पर डालीं। एक में वो बोर्ड नजर आ रहा, जबकि दूसरे में हाई कमिश्नर एक टीशर्ट पहने बैठे हैं, जिसमें अंग्रेजी में सिंगापुर लिखा हुआ है। फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा कि पहले वर्तनी (स्पेल) जांच करना हमेशा अच्छा होता है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली नगर निगम को टैग किया।
हालांकि दिल्ली नगर निगम के अधिकारी तुरंत एक्शन में आए और बोर्ड को ठीक करवा दिया। इस पर सिंगापुर के उच्चायुक्त ने खुशी जाहिर की। उन्होंने ट्विटर पर नया बोर्ड पोस्ट किया और लिखा कि- धन्यवाद तुरंत सही करवाने के लिए।
लोगों ने लिए जमकर मजे
वहीं उच्चायुक्त के ट्वीट जमकर शेयर किए गए। एक यूजर ने लिखा कि उच्चायुक्त को हिंदी वालों की भावना समझनी चाहिए, हमको सब जगह 'पुर' लिखने की आदत है। एक अन्य ने लिखा कि जब भी हम लोकल भाषा से अंग्रेजी में ट्रांसलेट करते हैं, तो ऐसी गलतियां होती रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications