मायावती का मोदी पर हमला, आतंकवाद के नाम पर अपनी नाकामी छुपा रहे पीएम
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि आतंकवाद और पाकिस्तान के मुद्दे के पीछे केंद्र की एनडीए सरकार देश को असल मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर चुनावी फायदा उठा रही है। मायावती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकवाद की आड़ में अपनी सरकार की नाकामियों को छिपा रहे हैं।

देश आहत, मोदी पार्टी मजबूत कर रहे
लखनऊ में मायावती ने कहा, देश के लोग हाल की आतंकी घटनाओं से आहत हैं। जम्मू-कश्मीर को लेकर देश में चिंता की भावना है, लोग दुखी हैं। इसी माहौल की आड़ में भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी अपनी कमियों को छुपाना चाह रहे हैं। लगातार इस तरह की घटनाओं से अलग मोदी अपने बूथ को मजबूत कर रहे हैं। सरहद पर जो भी घटनाएं हो रही हैं, उसकी आड़ में बीजेपी अपनी चुनावी तैयारियों में जुट गई है।

गठबंधन से बौखला रही है भाजपा
मायावती ने इस दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हार सामने दिख रही है। खासतौर से उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के साथ आने के बाद भाजपा के नेता बौखलाए हुए हैं। ऐसे में वो अपनीनाकामियां को छुपाने का जरिया देख रहे हैं।

पीएम के चुनावी अभियान पर उठा चुकी हैं सवाल
मायावती इससे पहले भी पाक के साथ तनाव के होते हुए भी नरेंद्र मोदी के लगातार अपनी पार्टी के लिए रैलियां करने को लेकर सवाल उठा रही हैं। भारतीय वायुसेना के पायलट के पाक की हिरासत में होते हुए मोदी के अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से बात करने पर मायावती ने कहा था, ऐसे समय में जब जंगी संकट के बादल छाए हैं, देश को नेतृत्व की सख़्त जरूरत है वैसे में पीएम मोदी का देश की सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय अपनी पार्टी की चिन्ता करते हुये बीजेपी वर्करों को सम्बोधित करना हास्यास्पद ही नहीं बल्कि देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ भी है।












Click it and Unblock the Notifications