Mann Ki Baat Highlights: मन की बात में गूंजे आपदा राहत और खेलों में बदलाव के संदेश, PM के संबोधन की खास बातें
Mann Ki Baat Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 125वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस खास मौके पर उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे राज्यों की स्थिति, राहत और बचाव कार्यों, जम्मू-कश्मीर में हो रहे बदलाव और खेलों में युवाओं की बढ़ती रुचि जैसे कई अहम मुद्दों पर बात की।
पीएम मोदी ने कहा कि इस मानसून में बाढ़ और भूस्खलन ने देश को गहरा दर्द दिया है, लेकिन मुश्किल समय में राहत कर्मियों से लेकर आम नागरिकों तक सभी ने मानवता का परिचय देकर उम्मीद की नई किरण जगाई है। 'मन की बात' के 125वें एपिसोड में पीएम मोदी ने प्राकृतिक आपदाओं, खेल और जम्मू-कश्मीर के विकास जैसे कई मुद्दों पर बात की।

'मन की बात' की खास बातें
बाढ़ और भूस्खलन पर चिंता
पीएम मोदी ने कहा कि इस मानसून सीजन में बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं ने देश को कड़ी परीक्षा दी है। कई राज्यों में घर तबाह हुए, खेत डूब गए और परिवार उजड़ गए। उन्होंने कहा, "जो लोग अपने प्रियजनों को खो चुके हैं, उनके दर्द में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।"
राहत बचाव में जुटी टीमें
प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमों के काम की सराहना की। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों में थर्मल कैमरे, लाइव डिटेक्टर, स्निफर डॉग्स और ड्रोन जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया गया। हेलिकॉप्टर से जरूरत का सामान पहुंचाया गया और घायल लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। उन्होंने कहा, "इस मुश्किल समय में सेना, स्थानीय लोग, सामाजिक संगठन, डॉक्टर और प्रशासन सभी ने मिलकर मानवता को प्राथमिकता दी।"
जम्मू-कश्मीर में बदलाव की तस्वीर
पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के विकास की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ रहा है। हाल ही में श्रीनगर में पहला डे-नाइट क्रिकेट मैच और 'खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स' का आयोजन हुआ, जिसने युवाओं में नया जोश भरा है।
खेलों में युवाओं की भागीदारी पर चर्चा
पीएम मोदी ने 'मन की बात' के 125वें एपिसोड में खेलों के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि लोगों तक खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का अनुभव पहुंचाने के लिए उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले दो खिलाड़ियों से बात की। इनमें ओडिशा की रस्मिता साहू और श्रीनगर के मोशिन अली शामिल थे। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के उत्साह और मेहनत की सराहना करते हुए युवाओं को खेलों में आगे आने की प्रेरणा दी।
रस्मिता साहू की प्रेरणादायक कहानी
ओडिशा की रस्मिता साहू ने 'मन की बात' में अपनी खेल यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि वह कैनोइंग खिलाड़ी हैं और 2017 में इस खेल से जुड़ीं। अब तक वह नेशनल चैंपियनशिप और नेशनल गेम्स में हिस्सा ले चुकी हैं और कुल 41 पदक जीत चुकी हैं, जिनमें 13 स्वर्ण, 14 रजत और 14 कांस्य शामिल हैं। रस्मिता ने बताया कि उनके गांव में खेल की कोई सुविधा नहीं थी, लेकिन पास की नदी में नाव चलते देख उनकी रुचि बढ़ी। दोस्तों के साथ तैरने के दौरान जब उन्होंने कैनोइंग-कायकिंग की नाव देखी, तो उन्हें यह खेल दिलचस्प लगा और उन्होंने अपने पिता से इस खेल को अपनाने की इच्छा जताई।
मोशिन अली को मिला गोल्ड मेडल
श्रीनगर के मोशिन अली ने बताया कि वह बेहद खुश हैं क्योंकि उन्होंने कश्मीर में पहली बार आयोजित हुए खेलो इंडिया इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और उनका परिवार भी बहुत खुश है। मोशिन ने मुस्कुराते हुए कहा, "अब कश्मीर में हर कोई मुझे गोल्ड मेडलिस्ट कहकर बुलाता है।"
योग्य छात्रों के लिए 'प्रतिभा सेतु' पोर्टल
'मन की बात' के 125वें एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने UPSC सिविल सर्विस परीक्षा की कठिनाई का जिक्र करते हुए कहा कि कई प्रतिभाशाली छात्र मामूली अंतर से फाइनल लिस्ट में जगह नहीं बना पाते। ऐसे छात्रों का समय और पैसा दोनों दोबारा तैयारी में खर्च हो जाता है। पीएम मोदी ने बताया कि अब इन मेहनती छात्रों की मदद के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म 'प्रतिभा सेतु पोर्टल' तैयार किया गया है। इस पोर्टल पर उन उम्मीदवारों का डेटा होगा जिन्होंने परीक्षा के सभी चरण पास किए लेकिन अंतिम मेरिट लिस्ट में नाम नहीं आ सका। निजी कंपनियां इस पोर्टल से जानकारी लेकर ऐसे योग्य उम्मीदवारों को रोजगार का मौका दे सकेंगी।
कहां सुनें मन की बात
'मन की बात' का सीधा प्रसारण आकाशवाणी, दूरदर्शन और डीडी न्यूज पर किया गया। साथ ही इसे PMO और पीएम मोदी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे यूट्यूब और एक्स पर भी सुना जा सकता है।
ये भी पढ़ें: कैलाश मानसरोवर यात्रा, गलवान झड़प, चीनी राष्ट्रपति-PM मोदी की बैठक में किन-किन मुद्दों पर चर्चा












Click it and Unblock the Notifications