Manmohan Singh Death: पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक, जानें किसने क्या कहा?
Manmohan Singh Passed Away: भारत के 14वें प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार 26 दिसंबर को नई दिल्ली में निधन हो गया है। वह 92 वर्ष के थे। मनमोहन सिंह को गुरुवार शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। पीएम नरेंद्र मोदी समेत देश के दिेग्गज नेताओं ने महमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, "भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मनाता है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।"

मनमोहन सिंह के निधन पर दिल्ली AIIMS ने क्या कहा?
नई दिल्ली एम्स ने अधिकारिक बयान में कहा,''अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना देते हैं। वे उम्र से संबंधित बीमारियों के कारण उपचाराधीन थे और 26 दिसंबर 2024 को घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। घर पर ही उनको मेडिकल सुविधा दी गई। उन्हें रात 8:06 बजे एम्स, नई दिल्ली के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।''
मनमोहन सिंह के निधन पर किसने क्या कहा?
🔴 कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, "राजनीति में बहुत कम लोग सरदार मनमोहन सिंह जी जैसा सम्मान दिलाते हैं। उनकी ईमानदारी हमेशा हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगी और वे हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे जो इस देश से सच्चा प्यार करते हैं, क्योंकि वे अपने विरोधियों द्वारा अनुचित और गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद राष्ट्र की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता में अडिग रहे। वे अंत तक वास्तव में समतावादी, बुद्धिमान, दृढ़ इच्छाशक्ति वाले और साहसी थे। राजनीति की कठिन दुनिया में एक विशिष्ट रूप से प्रतिष्ठित सज्जन।"
🔴केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।''
🔴 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने कठिन समय के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सेवा और बुद्धिमता के लिए उन्हें व्यापक सम्मान दिया गया। भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।" उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।"
🔴 कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, "निसंदेह, इतिहास आपका दयालु मूल्यांकन करेगा, डॉ. मनमोहन सिंह जी! पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, बेदाग सत्यनिष्ठ नेता और अद्वितीय कद का एक अर्थशास्त्री खो दिया है। आर्थिक उदारीकरण और अधिकार-आधारित कल्याण प्रतिमान की उनकी नीति ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को गहराई से बदल दिया, वस्तुतः भारत में एक मध्यम वर्ग का निर्माण किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला..."
🔴 AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी विद्वता और सादगी के गुणों को शब्दों में पिरोना असंभव है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।''
🔴 पूर्व प्रधानमंत्री और JD(S) प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने ट्वीट किया, "पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वह एक अच्छे और धैर्यवान व्यक्ति, एक शानदार अर्थशास्त्री और एक ऐसे सहकर्मी थे जिनका मैं सम्मान करता था। उन्हें इतिहास में उस व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा जिसने भारत के आर्थिक भविष्य की दिशा बदल दी।"












Click it and Unblock the Notifications