'धक्के मारकर निकाला तो दूसरी बात, वर्ना नहीं छोड़ूंगा कांग्रेस', अफवाहों पर बोले मनीष तिवारी
नई दिल्ली, 17 फरवरी: देश के पांच अहम राज्यों में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। हाल ही में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़ दी। जिसके बाद से उन नेताओं के भी पार्टी छोड़ने की अफवाह उड़ रही है, जो लगातार गांधी परिवार और कांग्रेस हाईकमान पर निशाना साधते रहते हैं। इसमें मनीष तिवारी का भी नाम शामिल है, जिन्होंने अब पार्टी छोड़ने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने जब मनीष तिवारी से पूछा कि उनके पार्टी छोड़ने की अफवाह है, इस पर वो क्या कहते हैं? इसके जवाब में तिवारी ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी में किरायेदार नहीं बल्कि हिस्सेदार हूं। साथ ही जिंदगी के 40 साल उन्होंने कांग्रेस को दिए। उनके परिवार ने भी देश के लिए खून बहाया है। ऐसे में अगर कोई धक्के देकर निकाले तो वो दूसरी बात है, वर्ना वो खुद पार्टी नहीं छोड़ेंगे।
स्टार प्रचारकों पर कही थी ये बात
हाल ही एक न्यूज चैनल से बात करते हुए मनीष तिवारी ने पार्टी हाईकमान के फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में कुछ ऐसे नाम हैं, जिनके कहने पर उनकी पत्नी तक वोट ना दे। ऐसे में जनता के वोट देने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने इंटरव्यू में ये बात भी स्वीकार की कि कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनकी नजदीकियां हैं। कुछ लोगों का मानना है कि इसी वजह से उनका नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं है।
जी-23 में है नाम
आपको बता दें कि काफी दिनों से कांग्रेस नेताओं का एक गुट हाईकमान के खिलाफ बयानबाजी कर रहा है। शुरुआत में इसमें 23 बड़े नेता शामिल थे, जिस वजह से इसे जी-23 नाम दिया गया है। मनीष तिवारी भी इसके सदस्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications