मणिपुर में फिर बिगड़ रहे हालात, 5 दिन के लिए इंटरनेट बैन, स्कूल भी किए गए बंद
हाल ही में मणिपुर सरकार ने इंटरनेट सेवा से बैन हटा दिया था, जिसके बाद कई दिल दहला देने वाले वीडियो वायरल हुए। जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था फिर से बिगड़ती नजर आ रही है। इसको देखते हुए राज्य सरकार ने 5 दिन के लिए मोबाइल इंटरनेट सर्विस बैन कर दी है। साथ ही स्कूलों को भी बंद करने का आदेश जारी किया।
दरअसल अपहरण कर दो युवकों की हत्या के खिलाफ इंफाल में प्रदर्शन हो रहे हैं। जिसे कंट्रोल में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में कई लोग घायल बताए जा रहे। इसके तुरंत बाद कई हाईलेवल मीटिंग हुई और इंटरनेट को बैन करने का फैसला लिया गया।

राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक मोबाइल इंटरनेट सेवा पर तत्काल प्रभाव से बैन लागू किया जा रहा है। ये 1 अक्टूबर शाम 7:45 बजे तक लागू रहेगा। आगे के हालात को देखते हुए इस पर फैसला लिया जाएगा।
दूसरी ओर राज्य के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल बुधवार और शुक्रवार को बंद रहेंगे। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर दिया है। वहीं गुरुवार को ईद-ए-मिलाद है, ऐसे में राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
45 से ज्यादा छात्र घायल
पुलिस के मुताबिक इंफाल में प्रदर्शन के बाद हालात अनियंत्रित हो गए थे। ऐसे में जवानों को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें 45 से ज्यादा छात्र घायल हुए हैं। उन्हें इंफाल पूर्व और पश्चिम जिलों के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल सबकी हालत स्थिर बताई जा रही। राजधानी में बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है।
जुलाई में हुआ था अपहरण
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिजाम हेमजीत (20) और हिजाम लिनथोइनगांबी (17) का अपहरण जुलाई में हुआ था। आरोप है कि कुकी आतंकियों ने उनकी हत्या कर दी। जिसके फोटोज अब वायरल हो रहे। इस वजह से राज्य के हालात फिर से बिगड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications