Manipur Violence: कुछ घंटों के लिए कर्फ्यू में ढील, लोगों के इकट्ठा होने पर रोक
Manipur में कुछ घंटों के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई। जिस पर लोग घरों से निकले और जरूरी सामान खरीदे। हालांकि अभी भी कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

मणिपुर के हालात चिंताजनक बने हुए हैं। वहां पर दोबारा हिंसा होने की वजह से सरकार ने कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया था। हालांकि आज यानी 26 मई को उसमें ढील दी गई। जिससे लोग घरों से निकले और जरूरी सामान खरीदे। हालांकि अभी एक साथ लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है।
जानकारी के मुताबिक प्रशासन ने सुबह 5 बजे से 12 बजे तक पूर्वी और पश्चिमी मणिपुर में कर्फ्यू में ढील दी। अधिकारियों के मुताबिक लोग घर से निकलकर सामान और अन्य जरूरी चीजें खरीद सकें, ऐसे में कुछ घंटों के लिए छूट दी गई थी। दवाओं और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति जारी है। उन्होंने साफ किया कि ढील के दौरान लोगों को एक जगह इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है।
किन-किन इलाकों में हिंसा?
जानकारी के मुताबिक बुधवार को मणिपुर में दोबारा हिंसा भड़क गई। इस दौरान उपद्रवियों ने इंफाल में मंत्री के घर पर तोड़फोड़ भी की। वहीं दूसरी ओर बिष्णुपुर जिले में एक संदिग्ध उग्रवादी ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक शख्स की मौत हुई, जबकि दो लोग घायल हैं।
घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने बिष्णुपुर, इंफाल ईस्ट, ईंफाल वेस्ट और जिरिबम जिले में कर्फ्यू लगा दिया। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि मंगलवार रात को ट्रांगलाओबी और बिष्णुपुर जिले में कुछ घरों को आग के हवाले कर दिया गया था।
मणिपुर जाएंगे गृहमंत्री
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मणिपुर हिंसा पर गंभीर है, ऐसे में वो जल्द ही राज्य का दौरा करेंगे। वहां पर वो दो-तीन दिन रुकेंगे और जमीनी हालात को जानेंगे।
वहीं दूसरी ओर गुरुवार को शाह गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां पर उन्होंने मणिपुर हिंसा पर पहली बार बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में हिंसा हाईकोर्ट के एक आदेश की वजह से भड़की। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी मणिपुर हाईकोर्ट के फैसले को गलत बताया था। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications