Manipur News: मणिपुर में फिर से बढ़ सकता है तनाव, सक्रिय हो रहे आतंकी समूह: सुरक्षा अधिकारी का दावा
Manipur News: मणिपुर में फिर से तनाव बढ़ सकता है। मई 2023 से हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर में माहौल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि फिर से वहां आतंकी समूह के सक्रिय होने की खबर है। सुरक्षा अधिकारियों ने सोमवार को कुछ आतंकवादी समूहों के फिर से उभरने और संघर्षग्रस्त राज्य में उनके फिर से सक्रिय होने के खिलाफ चेतावनी दी है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अधिकारियों ने यह भी कहा कि आतंकवादी संभवत भीड़ में शामिल हो रहे हैं। पिछले हफ्ते मणिपुर में कुछ गोलियों से सेना के एक अधिकारी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद ये खबर सामने आई है।

अधिकारियों ने यह भी दावा किया है कि प्रतिबंधित समूहों यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) से जुड़े आतंकवादी कथित तौर पर उस भीड़ का हिस्सा थे, जहां से सेना के एक अधिकारी पर गोलियां चलाई गई थीं।
सेना के अधिकारी बोले- भीड़ का हिस्सा थे आतंकवादी
पिछले हफ्ते लेफ्टिनेंट कर्नल रमन त्यागी मीरा पैबिस (महिला रक्षक) सहित लोगों के एक समूह के साथ गतिरोध के दौरान घायल हो गए थे। समूह ने कथित तौर पर आदिवासियों पर हमला करने की कोशिश की लेकिन सेना और असम राइफल्स ने उन्हें रोक दिया था।
गोलीबारी की घटना की जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने ये जानकारी दी कि आतंकवादी भीड़ का हिस्सा थे। इसके साथ ही अधिकारियों ने एक बार फिर हिंसा प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य में प्रतिबंधित आतंकवादी समूहों के उभरने की चेतावनी दी है।
आतंकवादी समूह, यूएनएलएफ, पीएलए, कांगलेई यावोल कनबा लूप (केवाईकेएल) और पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेईपाक (पीआरईपीएके) समूह फिर से मणिपुर में सक्रिय हो रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि यूएनएलएफ के पास कैडर की संख्या 330 है, इसके बाद पीएलए के पास 300 और केवाईकेएल के पास 25 कैडर हैं। ये वो आतंकी समूह हैं, जो बहुसंख्यक समुदाय के समूहों के भीतर सक्रिय थे।












Click it and Unblock the Notifications