मणिपुर: काकशिंग जिले में IED ब्लास्ट, गश्त कर रहे ITBP के दो जवान घायल
नई दिल्ली, 21 फरवरी: मणिपुर में भी चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं। इस बीच उग्रवादी संगठन भी काफी ज्यादा सक्रिय हैं। रविवार को राजधानी इंफाल से 45 किलोमीटर दूर काकशिंग जिले के वांगू तेरा इलाके में एक आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के दो जवान घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक चुनाव के मद्देनजर पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक धमाका रविवार शाम 8 बजे के करीब हुआ। जिसमें आईटीबीपी कांस्टेबल गौरव राय और गिरिजा शंकर जख्मी हो गए। दोनों जवान स्थानीय पुलिस के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। आनन-फानन में पुलिस टीम ने उन्हें जिला सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर दोनों का इलाज जारी है। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि राज्य में इस महीने के अंत में चुनाव हैं, जिस वजह से अर्धसैनिक बलों की मदद ली जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा। साथ ही सभी पेट्रोलिंग पार्टियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। घटना के बाद काकचिंग एसपी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने हालात का जायजा लिया।
सुरक्षा पर ज्यादा फोकस
मणिपुर में 28 फरवरी और 5 मार्च को मतदान होगा। चुनाव आयोग के सामने राज्य में दो अहम चुनौतियां हैं। जिसमें पहला राज्य की भौगोलिक स्थिति, जबकि दूसरा वहां सक्रिय उग्रवादी संगठन। फिलहाल दोनों चुनौतियों से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जहां-जहां जरूरत पड़ रही, वहां पर स्थानीय पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications