लगातार दूसरी बार मणिपुर के CM बनेंगे एन बीरेन सिंह, 3 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
इंफाल, 21 मार्च। मणिपुर में प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसका सस्पेंस अब खत्म हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज की थी, जिसके बाद नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर काफी कयास लगाए जा रहे थे। चर्चा थी कि मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह की कुर्सी इस बार जा सकती है। लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर से एन बीरेन सिंह में भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार दूसरी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया है। एन बीरेन सिंह आज दोपहर 3 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की एक बार फिर से शपथ लेंगे। बता दें कि मणिपुर में भाजपा ने 60 में से 32 सीटों पर जीत दर्ज करके पूर्ण बहुमत हासिल किया है।

एन बीरेन सिंह आज लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा एक बार फिर से भरोसा जताए जाने पर एन बीरेन सिंह ने पार्टी का आभार जताया। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि मुझपर भारतीय जनता पार्टी ने जो भरोसा जताया है उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दार्शनिक मूल्यों को आगे बनाए रखने की कोशिश करूंगा, प्रदेश की जनता की महत्वकांक्षा को पूरा करूंगा।
बता दें कि एन बीरेन सिंह ने अपने करियर की शुरुआत बतौर फुटबॉल खिलाड़ी की थी, इसके बाद वह बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स में शामिल हो गए। बाद में बीएसएफ छोड़ने के बाद बीरेन सिंह पत्रकारिता में आ गए। उन्होंने नाहरोल्गी थडांग नाम का अखबार 1992 में शुरू किया और 2001 तक इसके संपादक रहे। 2002 में बीरेन सिंह ने राजनीति में कदम रखा और पहली बार मणिपुर की हीनगैंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। 2007 में वह कांग्रेस के टिकट पर यहां विजयी हुए, बाद में 2017 में वह भाजपा में शामिल हो गए और प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।












Click it and Unblock the Notifications