मणिपुरः राज्यपाल नजपा हेपतुल्ला नहीं मनाएंगी ईद, ये है कारण
नई दिल्लीः मणिपुर की राज्यपाल नजपा हेपतुल्ला ने इस बार ईद ना मनाने का फैसला किया है। कई दिनों से मणिपुर में बाढ़ से लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। बाढ़ ने राज्य में काफी नुकसान पहुंचाया है। यही कारण है कि नजपा हेपतुल्लाल ईद नहीं मना रही हैं। मणिपुर की राज्यपाल ने कहा कि राजभवन के तमाम कर्मचारी एक दिन के वेतन का योगदान देंगे और दूसरों से भी मदद की अपील की गई है। साथ ही नजपा ने राज्यपाल राहत कोष में एक दिन का वेतन देने की घोषणा की है।

नजपा हेपतुल्ला के साथ-साथ राजभवन के दूसरे कर्मचारी भी अपनी एक दिन की सैलरी दान करेंगे। बता दें, मणिपुर में बाढ़ से एक हजार से ज्यादा घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। राज्य सरकार द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 12,500 घर पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं और फसलें क्षतिग्रस्त हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मणिपुर में 13 जून से अब तक 64.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। राज्य के हालात को देखते हुए मणिपुर के जल संसाधन मंत्री, लेटपाओ हॉकीप ने कहा कि सरकार ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 3.2 करोड़ रुपए की तत्काल राहत सहायता जारी की है।
राज्य में बाढ़ से 150 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण मरने वाले लोगों को सरकार ने पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह लगातार बाढ़ की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-ट्रेड वॉर: अमेरिका ने 50 बिलियन डॉलर नए चीनी सामानों पर लगाए टैक्स, चीन ने कहा- हम बदला लेंगे












Click it and Unblock the Notifications