Manipur: उग्रवादियों ने बनाया सीएम बीरेन सिंह के एडवांस सुरक्षा काफिले को निशाना, घात लगाकर किया हमला, 2 घायल
Manipur News: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर अभी भी जातीय हिंसा से मुक्त नहीं हो पाया है। शांति के माहौल के बीच हिंसा की खबरें लगातार सामने आती हैं। ऐसे में अब मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के सुरक्षा काफिले को उग्रवादियों ने अपना निशाना बना दिया, जिसमें 2 जवानों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के अनुसार सीएम सिंह की एडवांस सुरक्षा टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला किया है। हमला उस वक्त हुआ जब सीएम की सुरक्षा टीम जिरीबाम जा रही थी।

कुकी उग्रवादियों ने चलाई गोलियां
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर उग्रवादी कुकी बताएं जा रहे हैं, जिन्होंने जिरीबाम जा रही अग्रिम सुरक्षा टीम पर तब हमला किया जब सुरक्षा काफिला सीएम के मंगलवार के दौरे से पहले जिरीबाम जा रही थी। मालूम हो कि मंगलवार को सीएम सिंह को जिरीबाम का दौरा करना था। लेकिन इससे पहले यह घटना घटी।
घात लगाकर सुरक्षा वाहन पर हमला
अग्रिम सुरक्षा टीम पर उग्रवादियों ने सुबह करीब 10.30 बजे एनएच 37 जिरीबाम रोड पर कोटलेन के पास टी लाइजैंग में वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें 2 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
हिंसाग्रस्त जिरीबाम जाने वाले हैं बीरेन
जिरीबाम में पिछले कुछ दिनों से हिंसा की लगातार खबर आ रही है और वहां के हालात भी काफी तनावपूर्ण बताएं जा रहे हैं। ऐसे में बीरेन सिंह का मंगलवार को जिरीबाम जाने की योजना है। बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते हिंसा में वहां 70 से ज्यादा घर जलकर खाक हो गए थे।
सीआईडी राज्य पुलिस, सीआईएसएफ जवान समेत 2 सुरक्षाकर्मी इस हमले में घायल हुए हैं। एक घायल जवान को उपचार के लिए इंफाल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस कमांडो और असम राइफल्स (AR) की ज्वाइंट टीम की तरफ से हमलावरों की तलाशी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications