मणिपुर: बीरेन सिंह ही बनेंगे दोबारा मुख्यमंत्री, बीजेपी विधायक दल की बैठक में लगी मुहर
इंफाल, 20 मार्च: हाल ही में मणिपुर में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था। इसके बाद से ही वहां पर सरकार गठन की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बरकरार था। रविवार को हाईकमान की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और किरेन रिजिजू इंफाल पहुंचे, जहां पर विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से एन. बीरेन सिंह को अपना नेता चुना। ऐसे में अब वो ही दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
Recommended Video

विधायक दल की बैठक के बाद निर्मला सीतारमण ने कहा कि ये सभी की सर्वसम्मति से लिया गया एक अच्छा निर्णय है। ये सुनिश्चित करेगा कि मणिपुर में एक स्थिर और जिम्मेदार सरकार हो जो आगे राज्य का विकास करेगी। वैसे भी मोदी सरकार पूर्वोत्तर के राज्यों पर विशेष ध्यान देती है। वहीं विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बीरेन सिंह ने भी सभी विधायकों और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।
ये है सीटों का समीकरण
मणिपुर विधानसभा में 60 सीटें हैं, जिसमें से बीजेपी के खाते में कुल 32 सीटें गईं। जिससे वो अब आराम से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार का गठन करेगी, जबकि कांग्रेस 28 सीटों से सीधे 5 पर आ गई।
गुटबाजी की खबरें आई थीं सामने
2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी बहुमत से चूक गई थी। उस वक्त उसने 21 सीटें जीती थीं, जिस वजह से NPP और NPF की मदद से सरकार बनानी पड़ी। इसके बाद बीरेन सिंह को बीजेपी ने सीएम पद की जिम्मेदारी दी, लेकिन इस बार हालात अलग थे। बीजेपी ने चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। 10 मार्च को नतीजों के बाद से ही बीजेपी के अंदर गुटबाजी की खबरें आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए 15 मार्च को बीरेन सिंह, विश्वजीत सिंह और शारदा देवी को दिल्ली बुलाया गया था, जिसके बाद से ही सीएम फेस को लेकर सस्पेंस बरकरार था।












Click it and Unblock the Notifications