बेटे को किडनैप कर महिला को दी धमकी, मुझसे शादी करो नहीं तो इसे मार डालूंगा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मधु विहार में 29 साल के एक शख्स ने शादीशुदा महिला के उससे शादी करने को तैयार ना होने पर कथित तौर पर उसके बेटे का अपहरण कर लिया। महिला के चार साल के बेटे का अपहरण कर इस शख्स ने उस पर शादी का दवाब बनाया। हालांकि उसकी ये चाल कारगर साबित नहीं हुई और पुलिस ने कुछ ही घंटे में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी शिव कुमार से पूछताछ के बाद बताया कि बच्चे के अपहरण के बाद वो कोलकाता भागने की फिराक में था लेकिन पुलिस ने वक्त रहते उसे गिरफ्तार कर लिया। टीओआई के मुताबिक, डीसीपी (ईस्ट) पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे को अगवा किए जाने के छह घंटे के भीतर आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
शिव कुमार मधु विहार इलाके में रहने वाली बच्चे की मां का दोस्त है। बच्चे की मां ने बताया कि उसकी शिवकुमार से अच्छी जान पहचान है। पुलिस के सामने शिकायत दर्ज कराते हुए महिला ने बताया कि शिवकुमार शनिवार को उसके घर आया, वो घर पर नहीं थी ऐसे में उसके चार साल के बेटे को बहला-फुसलाकर वो साथ ले गया। महिला का कहना है कि उस पर बेटे को छुड़ाने के लिए शिवकुमार ने शादी करने को कहा।
महिला ने बताया कि घर लौटने पर जब उसने अपने बेटे के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि शिव कुमार उसे अपने साथ ले गया है। महिला ने बताया कि शिव कुमार कई बार उस पर शादी के दबाव बना चुका था लेकिन वो इसके लिए राजी नहीं थी। शादी के लिए मना करने पर उसने दबाव बनाने के लिए बच्चे को अगवा कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शिवकुमार को जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications