न्यूड होकर मूक बधिर लड़कियों को वीडियो कॉल करने वाला गिरफ्तार, यहां से पाया था मोबाइल नंबर
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस की साइबर सेल ने एक युवक को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। वो दिव्यांग युवतियों से न्यूड वीडियो चैटिंग करता था। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक खुद भी मूक बधिर है और वो बीते कई दिनों से मध्य प्रदेश में रहने वाली कुछ दिव्यांग लड़कियों को निर्वस्त्र होकर अलग-अलग नंबरों से कॉल करता था। पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो बुधवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि आरोपी का नाम अमोल गायकवाड़ (27) है।

वो एक होटल में काम करता है। पुलिस ने बताया कि इंदौर की दो मूक-बधिर युवतियों ने राज्य साइबर सेल को पिछले महीने शिकायत देते हुए कहा था कि कोई अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति निर्वस्त्र होकर उन्हें अलग-अलग मोबाइल नम्बरों से लगातार वीडियो कॉल कर रहा है। ये वीडियो कॉल वॉट्सऐप जैसे मोबाइल ऐप के जरिये किये जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस शिकायत पर जांच के दौरान पुलिस की साइबर सेल गायकवाड़ तक पहुंच गई, जिसके बाद उससे और सांकेतिक भाषा विशेषज्ञों के जरिये पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इन युवतियों के मोबाइल नम्बर उसे मूक-बधिर समुदाय के एक वॉट्सऐप ग्रुप से मिले थे। गायकवाड़ के खिलाफ आईटी ऐक्ट की सम्बद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications