' हैलो, मैं दाऊद का सहयोगी छोटा शकील बोल रहा हूं...' राम मंदिर को 'उड़ाने' की धमकी देने वाला गिरफ्तार
Ram Mandir News: 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है, जिसको लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथि भी अयोध्या पहुंच रहे हैं। इस बीच खुद को दाऊद इब्राहिम का सहयोगी बताकर राम मंदिर को 'उड़ाने' की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बिहार के एक 21 वर्षीय शख्स को पुलिस को कॉल करके खुद को दाऊद इब्राहिम का सहयोगी बताने और अयोध्या में राम मंदिर को "उड़ाने" की धमकी देने के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है।

बिहार के अररिया जिले में एक 21 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसने कथित तौर पर खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का सहयोगी बताते हुए पुलिस को फोन किया था और 22 जनवरी (सोमवार) को अयोध्या में राम मंदिर को "उड़ाने" की धमकी दी थी।
अररिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी इंतेखाब आलम को शनिवार देर रात बलुआ कलियागंज स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया और वह मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा था। एसपी ने कहा कि 19 जनवरी को आलम ने नागरिकों के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 112 डायल करके पुलिस को फोन किया और दावा किया कि उसका नाम छोटा शकील है, जो दाऊद इब्राहिम का सहयोगी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आलम ने फोन पर कहा कि वह 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर को उड़ा देगा। उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वह मानसिक रूप से अस्थिर लगता है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केस दर्ज किया गया और पुलिस ने उस व्यक्ति का फोन जब्त कर लिया है।
एसपी सिंह ने कहा, "कॉल मिलते ही डिटेल साइबर सेल के साथ शेयर की गई, जिस मोबाइल नंबर से उसने कॉल किया था वह उसके पिता के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया।" बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर की 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह 22 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राजनेताओं, प्रसिद्ध व्यापारियों और उद्योगपतियों, मशहूर हस्तियों और खिलाड़ियों सहित 7,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।











Click it and Unblock the Notifications