लॉकडाउन वाले नए आदेश को लेकर केंद्र पर बरसीं ममता बनर्जी, मेट्रो संचालन को अभी मंजूरी नहीं
कोलकाता: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 37.73 लाख के पार पहुंच गई है। इसके बावजूद भी देश में अनलॉक की प्रक्रिया जारी है। चार दिन पहले केंद्र सरकार ने अनलॉक-4 की गाइडलाइन जारी की थी। जिसमें केंद्र ने साफ कर दिया था कि अब राज्य बिना केंद्र की इजाजत के लॉकडाउन नहीं कर सकते हैं। जिस पर पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों ने आपत्ति जताई है। बुधवार को बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने अनलॉक की गाइडलाइन को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा।

मीडिया से बात करते हुए सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि राज्यों में लॉकडाउन का फैसला अकेले केंद्र सरकार नहीं कर सकती है। राज्य सरकार कार्यान्वयन प्राधिकरण है और उस पर भरोसा किया जाना चाहिए। केवल निर्देश जारी करना ही पर्याप्त नहीं है। मौजूदा हालात में सिर्फ जिला प्रशासन ही जमीनी हकीकत जानता है। ये हमारे संघीयता का आधार है, इसलिए केंद्र सरकार को सहयोग करना चाहिए।
सीएम ममता बनर्जी ने आगे कहा कि मुख्य सचिव और उनका कार्यालय लॉजिस्टिक्स को सही करने का काम कर रहा है। अभी वो बाद में तय करेंगे कि 15 तारीख से मेट्रो सेवाओं को शुरू किया जाए या नहीं। आपको बता दें कि बंगाल भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है, जहां अब तक 1.65 लाख मामले सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही वहां कोरोना से 3,283 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications