Mamata Banerjee on Budget 2026: बंगाल को मिली सौगात से दीदी नाखुश, बजट पर कहा - 'हमको कुछ नहीं मिला'
Mamata Banerjee on Budget 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आम बजट को निराशाजनक बताया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह दिशाहीन बजट है। उन्होंने बंगाल से भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे हितों की अनदेखी की गई है। ममता बनर्जी ने कहा कि यह बजट लोकतांत्रिक संघीय ढांचे की भावना के खिलाफ है। इतना ही नहीं उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा है कि बंगाल की जनता इस भेदभाव को याद रखेगी।
मुख्यमंत्री ने सिलिगुड़ी को मिले रेल कॉरिडोर को नाकाफी बताते हुए कहा कि बीजेपी बदला लेने की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में मिलने वाली हार से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लिए वित्तीय आवंटन में भेदभाव किया गया है।

Mamata Banerjee on Budget 2026: रेल कॉरिडोर से खुश नहीं दीदी
हालांकि, बजट में वाराणसी से सिलीगुड़ी तक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का जिक्र हुआ है। बंगाल के लिए इसे बड़ी घोषणा माना जा रहा है। ममता बनर्जी ने कहा कि केवल एक रेल प्रोजेक्ट देकर राज्य के समग्र विकास की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य चुनावी राज्यों के लिए कई योजनाओं की घोषणा हुई, तो बंगाल के साथ यह भेदभाव क्यों?
Aam Budget 2026 को सीएम ने बताया दिशाहीन
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने शिक्षा क्षेत्र को लेकर विशेष नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छात्रों की छात्रवृत्ति, स्कूल इन्फ्रास्ट्रक्चर और उच्च शिक्षा के लिए बजट में कोई नई पहल नहीं दिखती। महंगाई, बेरोजगारी और आम लोगों की आय बढ़ाने के लिए भी कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री ने केंद्र पर संघीय ढांचे को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यों की जरूरतों को नजरअंदाज कर एकतरफा नीतियां थोपी जा रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि बंगाल की जनता इस अन्याय का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों से भी अपील की कि वे इस "जनविरोधी बजट" के खिलाफ एकजुट आवाज उठाएं। सीएम ने कहा, 'केंद्र सरकार से बंगाल की लंबे समय से मांग रही है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार के लिए काम किया जाए। इसके बावजूद कुछ नहीं किया गया।'












Click it and Unblock the Notifications