पश्चिम बंगाल में नहीं हुई राजनीतिक हिंसा, ये सब बीजेपी की चाल: ममता बनर्जी
कोलकाता, 17 जून। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के बाद बंगाल में हुई हिंसा को लेकर बड़ा बयान दिया है। ममता बनर्जी ने कहा है कि राज्य में कहीं भी राजनीतिक हिंसा नहीं हुई है। उन्होंने हिंसा को भारतीय जनता पार्टी की चाल बताया। बीजेपी का आरोप है कि चुनाव के बाद हिंसा में उसके कई कार्यकर्ता मारे गए हैं तो हजारों राज्य छोड़कर बाहर चले गए हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए ममता बनर्जी ने राजनीतिक हिंसा के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में एक दो छिटपुट घटनाएं हो सकती हैं लेकिन इन्हें राजनीतिक हिंसा की तरह पेश करना गलत है।

ममता बनर्जी ने पत्रकारों से ही पूछ लिया कि क्या आप लोगों को लगता है कि बंगाल में हिंसा हो रही है? ऐसा लगता है कि उनकी आंखों में पीलिया हो गया है? ममता बनर्जी ने आगे कहा कि भाजपा को यूपी में जाकर देखना चाहिए जहां मृत लाशों को नदियों में बहाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ट्वीटर को कंट्रोल नहीं कर सकती तो उसे नेस्तनाबूद करने में लगी हुई हैं। इसी प्रकार मोदी सरकार मुझे कंट्रोल नहीं कर पाती तो हमारी चुनी गई सरकार को हटाने के प्रयास कर रही है। उन्हें अपने इन प्रयासों को तुरंत रोकना चाहिए।
ट्वीटर को लेकर जारी विवाद पर भी ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि केंद्र माइक्रोब्लॉगिंग साइट को प्रभावित करने में असफल होने के बाद अब उसे प्रभावहीन करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इसकी तुलना अपनी सरकार से करते हुए कहा कि उनकी सरकार के साथ भी केंद्र ऐसा ही व्यवहार कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications