Mallikarjun Kharge Health: मल्लिकार्जुन खरगे की तबियत अचानक बिगड़ी, जानिए कैसी कांग्रेस अध्यक्ष की हालत?
Mallikarjun Kharge Health Update: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Kharge hospitalized) को स्वास्थ्य कारणों से बेंगलुरु के एमएस रामैया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें पेसमेकर लगाने की सलाह दी है, जिसके लिए यह प्रक्रिया प्लान की गई है। खड़गे इस समय स्थिर हैं और उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
खड़गे के बेटे और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियंक खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी साझा करते हुए लिखा-"श्री खड़गे को डॉक्टरों ने पेसमेकर लगाने की सलाह दी है और वे इस प्रक्रिया के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी स्थिति स्थिर है और वे ठीक हैं। आपकी शुभकामनाओं और चिंता के लिए आभारी हूँ।"

बुखार और पैर दर्द के बाद हुए थे एडमिट
83 वर्षीय खड़गे को मंगलवार देर रात तेज़ बुखार और पैर में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें भर्ती करने का फैसला किया और अब विशेषज्ञ उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने समाचार एजेंसी PTI से कहा-"राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे को बुखार और पैर दर्द के चलते अस्पताल लाया गया था। अब वे बिल्कुल ठीक हैं, घबराने की कोई बात नहीं है। डॉक्टर लगातार उनकी देखरेख कर रहे हैं।"
जैसे ही प्रियंक खड़गे ने उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी, सोशल मीडिया पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से शुभकामनाओं का सिलसिला शुरू हो गया।
राजनीतिक हलकों में चिंता, लेकिन स्थिति नियंत्रण में
कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता होने के नाते खड़गे की सेहत को लेकर पूरे राजनीतिक जगत में चिंता व्यक्त की जा रही है। हालांकि डॉक्टरों और परिवार की ओर से साफ कर दिया गया है कि उनकी स्थिति स्थिर है और पेसमेकर लगाने की प्रक्रिया पूर्व नियोजित (Planned Procedure) है।
गौरतलब है कि मल्लिकार्जुन खड़गे भारतीय राजनीति के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। वे लंबे समय से कांग्रेस संगठन की मज़बूती और विपक्ष की भूमिका में सक्रिय हैं। उनकी सेहत ठीक होने के बाद वे जल्द ही राजनीतिक गतिविधियों में लौट सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications